बिजनेस

शादियों में बढ़ रही है पर्सनलाइज्ड रिटर्न गिफ्ट की डिमांड, घर बैठे शुरू करें बिजनेस

Personalized Wedding Return Gifts Business: अगर आप भी अपना खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो वेडिंग सीजन में पर्सनलाइज्ड वेडिंग रिटर्न गिफ्ट का बिजनेस शुरू कर सकते हैं।

Image

पर्सनलाइज्ड वेडिंग रिटर्न गिफ्ट का बिजनेस करें शुरू (AI Generated Image)

Personalized Wedding Return Gifts Business: नवंबर का महीना शुरू होते ही वेडिंग (Wedding Season) और फेस्टिव सीजन (Festive Season) में रौनक बढ़ने लगी है। इस दौरान शादियों में सजावट, कपड़ों और खाने-पीने के साथ मेहमानों को दिए जाने वाले रिटर्न गिफ्ट पर भी खास ध्यान दिया जाता है। अब लोग मिठाई के डिब्बे या ड्राई फ्रूट पैक की जगह ऐसे गिफ्ट पसंद कर रहे हैं, जिन पर उनका नाम, फोटो, शादी की तारीख या कोई खास संदेश लिखा हो। इसी डिमांड ने पर्सनलाइज्ड रिटर्न गिफ्ट के बिजनेस (Personalized Wedding Return Gifts Business) को कमाई का अच्छा अवसर बना दिया है। अगर आप भी अपना खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो पर्सनलाइज्ड रिटर्न गिफ्ट का बिजनेस शुरू कर सकते हैं-

कौन-से प्रोडक्ट कर सकते हैं शामिल

इस बिजनेस में कई तरह के प्रोडक्ट शामिल किए जा सकते हैं जैसे दूल्हा-दुल्हन के नाम और शादी की तारीख वाले कॉफी मग, कस्टमाइज्ड की-चेन, फोटो फ्रेम, नेम प्लेट, मिनी परफ्यूम, सेंटेड कैंडल, पर्सनलाइज्ड डायरी और छोटे गिफ्ट हैंपर। इसके अलावा, मेहमानों को जूट बैग, कस्टमाइज्ड चॉकलेट बॉक्स, प्लांट और ड्राई फ्रूट के पैक भी दिए जा सकते हैं। इस बिजनेस में ग्राहक के बजट और शादी की थीम के हिसाब से गिफ्ट तैयार कर सकते हैं।

कैसे शुरू करें बिजनेस?

इस बिजनेस को शुरू करने के लिए किसी बड़ी दुकान या फैक्ट्री की जरूरत नहीं है। इसे घर के एक छोटे कमरे से भी शुरू किया जा सकता है। शुरुआत में 10-15 तरह के गिफ्ट के सैंपल तैयार करें। प्रिंटिंग, लेजर एंग्रेविंग और पैकेजिंग का काम लोकल वेंडर्स से आउटसोर्स कर सकते हैं। इससे मशीनें खरीदने का खर्च बचेगा। शुरुआती निवेश लगभग 20,000 से 50,000 रुपये में रखा जा सकता है। हालांकि, यह बजट आपके प्रोडक्ट और स्टॉक पर निर्भर करेगा।

कितनी होगी कमाई और कहां से मिलेंगे ऑर्डर?

शुरुआत में 50 से 100 रुपये प्रति गिफ्ट वाले प्रोडक्ट पर फोकस किया जा सकता है। वहीं, प्रीमियम गिफ्ट हैंपर की कीमत 300 से 1,000 रुपये या उससे ज्यादा भी रखी जा सकती है। मसलन, अगर किसी शादी में 200 गिफ्ट तैयार करने का ऑर्डर मिलता है और हर गिफ्ट पर 30 रुपये का मार्जिन रहता है, तो 6,000 रुपये की कमाई हो सकती है। यह केवल उदाहरण है, वास्तविक मुनाफा लागत और डिलीवरी खर्च पर निर्भर करेगा।

ऑर्डर पाने के लिए Instagram, WhatsApp Business और Facebook पर अपने प्रोडक्ट की तस्वीरें और वीडियो शेयर करें। इसके अलावा वेडिंग प्लानर, इवेंट मैनेजर, फोटोग्राफर और मैरिज गार्डन संचालकों से संपर्क करें। बड़े ऑर्डर पर 30-50 प्रतिशत एडवांस जरूर लें। शादी की तारीख से कम से कम 3-4 हफ्ते पहले ऑर्डर फाइनल करने की कोशिश करें, ताकि प्रोडक्शन और डिलीवरी के लिए समय मिल सके।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article