भारत के बारे में दुनिया भर में कई तरह की बातें सुनने को मिलती हैं। कुछ लोग इसे बहुत खूबसूरत और मेहमाननवाज देश कहते हैं, तो कुछ लोग यहां आने से पहले सावधान रहने की सलाह देते हैं। लेकिन हाल ही में एक रूसी महिला जिनका नाम एना (Anna) है, उनका अनुभव लोगों की कही-सुनी बातों से बिल्कुल अलग निकला। एना ने अपने भारत भ्रमण के दौरान हुए अनुभवों को एक वीडियो के जरिए अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
भारत भ्रमण के दौरान सुखद पलों को वीडियो में दिखाया
बता दें कि एना भारत घूमने आई थीं और उन्होंने अपने सफर के कई छोटे-छोटे पलों को जोड़कर एक वीडियो में दिखाया है। इस वायरल वीडियो (Viral Video) में वह भारत के अलग-अलग शहरों में घूमती हुई नजर आ रही हैं। इन शहरों में घूमते वक्त वे लोगों से मिलती-जुलती और यहां की जिंदगी को करीब से समझने की कोशिश कर रही हैं।
भारत आकर यहां के रंग में रंग गई रूसी महिला
वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि एना कभी बच्चों के साथ खेल रही हैं, तो कभी किसी परिवार के साथ बैठकर बातें कर रही हैं। कहीं वह सड़क किनारे का खाना टेस्ट कर रही हैं, तो कहीं पर वहां के लोकल लोगों के साथ हंसते-मुस्कुराते नजर आ रही हैं। ये छोटे-छोटे पल एना के पूरे सफर को बेहद ही खास बना देते हैं।
ये भी पढ़ें:
रूसी महिला ने पूरे दिल से भारत को कहा धन्यवाद
एना ने अपने वीडियो (Video) में बताया कि भारत आने से पहले उन्हें कई लोगों ने चेतावनी दी थी कि यहां के लोगों से सावधान रहना चाहिए। लेकिन जब वे यहां आईं, तो उनका अनुभव बिल्कुल उल्टा रहा। उन्हें यहां के लोग बहुत ही मददगार, प्यारे और दिल से अच्छे लगे। उन्होंने कहा कि कई बार अनजान लोग भी उनकी मदद के लिए आगे आए, उन्हें खाना ऑफर किया, हाल-चाल पूछा और वे हमेशा उनसे पूछते रहें कि क्या वह ठीक हैं या नहीं। इन सब चीजों ने उन्हें ऐसा महसूस कराया जैसे वह किसी दूसरे देश में नहीं, बल्कि अपने ही घर में हैं। एना ने अपने पोस्ट के अंत में “Thank you, India.” लिखा।
महिला के वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब पसंद किया है। वीडियो के कमेंट बॉक्स में कई भारतीय लोगों ने एना को धन्यवाद भी कहा है। कई लोगों ने कमेंट कर यह भी कहा कि उन्होंने भारत की एक पॉजिटिव साइड और रियल फेस दुनिया के सामने रखा है। वहीं कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि उन्होंने अभी भारत का सिर्फ एक छोटा हिस्सा ही देखा है, अभी बहुत कुछ देखना बाकी है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
