Viral Video: सोशल मीडिया पर अक्सर पुलिस की सख्ती या चालान काटने के वीडियो वायरल होते रहते हैं, लेकिन हाल ही में एक ऐसा वीडियो (Trending Video) सामने आया है जिसने लोगों का दिल जीत लिया है। मामला रात की गश्त का है, जहां एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी सड़क पर गुजर रही एक ऊंट गाड़ी को रोकते नजर आते हैं। वीडियो की शुरुआत में पुलिस अधिकारी चुटीले अंदाज में कहते हैं, "कौन भागा जा रहा है? हेलमेट कहां है तुम्हारा? गाड़ी रोको... तुम्हारे ऊंट का हेलमेट कहां है?" पहली नजर में ऐसा लगता है मानो कोई सख्त कार्रवाई होने वाली है, लेकिन अगले ही पल माहौल पूरी तरह खुशनुमा हो जाता है।
पुलिस अधिकारी ऊंट गाड़ी के पास पहुंचकर उस पर बैठे छोटे बच्चे और उसके पिता से बेहद आत्मीयता से बातचीत करते हैं। वे बच्चे का हाल-चाल पूछते हैं और अपने सहयोगी से एक गिफ्ट बॉक्स मंगवाकर बच्चे को सौंपते हैं। गिफ्ट देते हुए अफसर बच्चे को मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह देते हैं और कहते हैं कि खूब पढ़ाई करो और बड़ा होकर पापा को गाड़ी में बिठाओ। बातचीत के दौरान पुलिस अफसर चुटकी लेते हुए कैमरे की ओर देखकर कहते हैं कि अगर आपको बिना रजिस्ट्रेशन, बिना नंबर प्लेट और बिना बीमा के गाड़ी चलानी है, तो ऐसी गाड़ी में चलिए। अगर मोटर कार में चलेंगे तो सब कागजात पूरे कराने पड़ेंगे। जाते-जाते पुलिस अधिकारी ने हाथ जोड़कर और जय हिंद बोलकर ऊंट गाड़ी वाले को मुस्कुराते हुए विदा किया। देखें वीडियो...
पुलिस अधिकारी ने जीता दिल
इस वीडियो ने लोगों का दिल जीत लिया है और यूजर्स पुलिस अधिकारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को 'bhagwat_prasad_pandey' नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर लोग जमकर रिएक्शन भी दे रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि खाकी का यह मानवीय चेहरा समाज में पुलिस के प्रति विश्वास को और बढ़ाता है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
