Operation Monsoon Thunder: भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के साथ मिलकर एक बड़े इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ नाम दिया गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह नेटवर्क भारत से अमेरिका तक साइकोट्रॉपिक ड्रग्स और ओपिओइड यानी नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था। इस मामले में NCB ने भारत में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
NCB ने अमेरिकी एजेंसी DEA से मिले इनपुट के आधार पर 4 नवंबर से 13 नवंबर 2026 के बीच हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ में छापेमारी की। जांच में पता चला कि यह नेटवर्क लंबे समय से अमेरिका में बैठे ग्राहकों को नशीली दवाओं और प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई कर रहा था। जांच एजेंसियों को मिले डिजिटल रिकॉर्ड के मुताबिक, जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच इस नेटवर्क ने अमेरिका में करीब 3 हजार पार्सल भेजे। इन पार्सल में लगभग 5 लाख टैबलेट थीं। यानी चार साल से ज्यादा समय तक यह नेटवर्क बड़े पैमाने पर अमेरिका में नशीली दवाओं की सप्लाई करता रहा।
1500 से ज्यादा टैबलेट की खेप का खुलासा
जांच के दौरान NCB को 1500 से ज्यादा टैबलेट की ऐसी खेपों का भी पता चला, जिन्हें अमेरिका के अलग-अलग शहरों में डिलीवर किया जाना था। NCB ने इन खेपों से जुड़ी जानकारी अमेरिकी एजेंसी DEA के साथ साझा की, जिसके बाद DEA ने दो शिपमेंट जब्त किए। इस पूरे नेटवर्क का सबसे अहम खुलासा इसके ग्राहकों के डेटा को लेकर हुआ है। NCB ने करीब 59 हजार ग्राहकों का डेटाबेस अमेरिकी एजेंसी को सौंपा है। इसमें ग्राहकों के नाम और ट्रांजैक्शन की जानकारी, पुराने पार्सल का रिकॉर्ड, डिलीवरी एड्रेस, USPS ट्रैकिंग आईडी और किस तरह की ड्रग्स मंगाई गई थीं, इसकी जानकारी शामिल है। अब DEA इस डेटा के आधार पर अमेरिका में मौजूद ग्राहकों और ड्रग्स की सप्लाई करने वाले लोगों की पहचान कर रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- भारतीय मनोरंजन बैंक के नोटों की गड्डी देकर ठगे 40 लाख रुपये
जांच में सामने आया है कि भारत में बैठे आरोपी टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सऐप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ड्रग्स के ऑर्डर लेते थे। इसके बाद अमेरिका में मौजूद नेटवर्क के लोग पार्सल और दूसरे डिलीवरी चैनलों के जरिए इन दवाओं को ग्राहकों तक पहुंचाते थे। इनमें अमेरिकी डाक सेवा यानी USPS का भी इस्तेमाल किया गया। ड्रग्स की सप्लाई से होने वाली कमाई को छिपाने के लिए भी अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोपियों को अमेरिका के Venmo ऐप, दूसरे लोगों के बैंक खातों, UPI और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए पैसे मिलते थे। इसके अलावा हवाला के जरिए भी कमीशन की रकम लेने की बात सामने आई है। अब NCB इस पूरे मनी ट्रेल की जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क के असली फाइनेंशियल लाभार्थियों और ड्रग्स से हुई कमाई का पता लगाया जा सके।
क्या है ऑपरेशन मॉनसून थंडर
जांच एजेंसियों को यह भी शक है कि इस नेटवर्क को ड्रग्स और दवाओं की सप्लाई कई दूसरे देशों से हो रही थी। गिरफ्तार आरोपियों के पास मिले डिजिटल रिकॉर्ड और दवाओं के ब्रांड से अंतरराष्ट्रीय सोर्सिंग के संकेत मिले हैं। अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन दवाओं की खरीद कहां से होती थी, भारत तक कैसे पहुंचती थीं और फिर अमेरिका में इनकी सप्लाई कौन करता था। NCB का कहना है कि ऑपरेशन मॉनसून थंडर के जरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं और ऑनलाइन पेमेंट सिस्टम का इस्तेमाल कर चलाए जा रहे एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। भारत और अमेरिका की एजेंसियां अब मिलकर इस सिंडिकेट से जुड़े बाकी लोगों और इसके पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
