वायरल न्यूज़

'आएं,' ये क्या हो रहा है भाई! चलती ट्रेन की छत पर पिकनिक मनाते दिखे लोग, Video हुआ वायरल

भारत में तो ट्रेन में भीड़ में घुसने के लिए मारामारी करते हैं लेकिन बांग्लादेश में तो लोग पूरा रूफटॉप रिजर्व करवा लेते हैं, जिसका वीडियो हाल में ही सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

Image

ट्रेन की छत पर चढ़कर सफर करते लोग (Facebook/@RRBD)

अगर आपको लगता है कि भारतीय रेलवे में भीड़ और लेटलतीफी ही सबसे बड़ा करिश्मा है, तो जरा बांग्लादेश रेलवे की स्थिति आज देख लीजिए। वहां पर तो लोग ट्रेन को चलता-फिरता पिकनिक स्पॉट बना चुके हैं। सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक ट्रेन की छत पर दर्जनों यात्री लेटे-बैठे भेलपूरी खाते दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, इस ट्रेन की छत पर बच्चे भी दिख रहे हैं।

ट्रेन की छत पर पिकनिक मनाते दिखे लोग

इस ट्रेन को देख ऐसा लग रहा है मानो कोई ट्रेन नहीं, बल्कि कोई रूफटॉप कैफे चल रहा हो। वीडियो में आप साफतौर पर देख सकते हैं कि ट्रेन चल रही है और उसके ऊपर एक पूरा परिवार पसरा हुआ है। एक अंकल तो शर्ट ऊपर चढ़ाए पेट सहलाते हुए लेटे हैं, जैसे बोले जा रहे हों, “आज मौसम बड़ा बेहतरीन है यार!” पास में बच्चे भी खेलते हुए दिख रहे हैं, जैसे ये कोई पार्क हो और ये लोग पिकनिक मनाने निकले हों। सबसे मजेदार सीन तो तब आता है जब भेलपूरी वाला अपना ठेला-नुमा सेटअप लिए ट्रेन की छत पर ही घूमते दिखा। साथ ही लोग नोट निकाल-निकाल कर चटपटी भेल खरीदकर खा रहे हैं। यह सब कुछ देखकर लोगों की आंखें फटी की फटी रह गई।

वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया

इस वीडियो को फेसबुक पर @RRBD नाम के पेज से शेयर किया गया है। जिसे लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो को देखने के बाद लोग हैरान रह गए कि भला इतनी तेज स्पीड से चल रही ट्रेन पर ये लोग बैठकर इतने मजे से सफर कैसे कर रहे हैं। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी आ चुके हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "लगता है वहाँ रेलवे का मतलब ही है – रूफटॉप एंटरटेनमेंट लिमिटेड वे कंपनी। दूसरे ने लिखा, "टिकट चेकर भी शायद ऊपर चढ़ते होंगे और बोलते होंगे, “भैया, छत का टिकट अलग से लगेगा!” वहीं तीसरे ने लिखा, “इन बांग्लादेशियों का इंश्योरेंस कौन करता है भाई?” चौथे ने कहा, “ये लोग नहीं मरते क्योंकि इनके पास नौ जिंदगी होती है, बिल्ली की तरह।” एक ने तो लिखा, “भारत में तो छत पर चढ़ो तो टीटी मारता है, वहाँ तो भेलपूरी वाला सर्विस दे रहा है।”

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादव author

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रें... और देखें

End of Article