कल का मौसम कैसा रहेगा : देश के कई हिस्सों पर मौसमी गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान जारी है। मौसम विभाग के बताया कि दक्षिण भारत के राज्यों में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से तमिलनाडु में सबसे अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है। हालांकि, पश्चिमी घाट के सभी स्थानों केरल, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों पर भी मेघ गर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर जारी रह सकता है। पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश दर्ज की जाएगी। स्काईमेट ने उत्तर भारत में मौसम के करवट लेने के संकेत दिए हैं। अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की हवाओं के बीच बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। उधर, पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिन मेघ बरस सकते हैं और ऊंचाई वाले भागों पर ओलावृष्टि और बर्फबारी की संभावना व्यक्त की जा रही है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर का मौसम ने अचानक बदल हुआ है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार,16 अक्टूबर को भी दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने के आसार थे, लेकिन उतनी बारिश नहीं हुई। इस मौसमी बदलाव के कारण वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है। फिलहाल, अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर पूर्वी मानसून सक्रिय
उत्तर पूर्वी मानसून के सक्रिय होते ही तमिलनाडु और केरल सहित दक्षिणी कर्नाटक में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि अब बारिश की गतिविधियां आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और गोवा सहित दक्षिणी महाराष्ट्र में भी दिखाई दे सकती हैं। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के भी कुछ भागों में बारिश हो सकती है। गुजरात और दक्षिणी राजस्थान में तापमान 40 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है। उधर, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में मौसम लगभग साफ रहेगा। हालांकि, ओड़िशा में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती है। इसके अतिरिक्त सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश समेत कई स्थानों पर मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं।
