समुद्र की गहराइयों में कई तरह की मछलियां पाई जाती हैं। उनमें से कई मछलियां अपनी अनोखी खासियतों के लिए भी जानी जाती हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही मछली के बारे में बताएंगे जो दूसरी मछलियों से काफी अलग और खास है।
हम बात कर रहे हैं समुद्र में रहने वाली सकरफिश की, जिसे रेमोरा भी कहते हैं। यह मछली बहुत चालाक होती है। लोग इसे प्यार से शार्क की मुंहबोली बहन कहते हैं। अब इसे यह नाम क्यों मिला? चलिए आपको बताते हैं।
इस मछली के सिर पर एक चपटा सा ढक्कन होता है। ये ढक्कन असल में इसका पंख है जो सक्शन कप बन गया है। इसी से ये शार्क, व्हेल और कछुए से चिपक जाती है। एक बार यह मछली चिपक जाती है तो फिर इसे तूफान भी नहीं हटा सकता।
ये मछली इतनी चालाक होती है कि ये खुद तैरकर एनर्जी वेस्ट नहीं करती। अगर इसे कहीं जाना हो तो ये बस शार्क के शरीर से चिपक जाती है और फ्री में पूरे समुंदर की सैर करती है। शार्क तेज चलती है तो ये भी तेज, शार्क रुकी तो ये भी रुकी।
शार्क जब बड़े शिकार को खाती है तो छोटे-छोटे टुकड़े पानी में गिरते हैं। यही सकरफिश का बुफे है। ये आराम से वो टुकड़े खा जाती है। कभी-कभी तो शार्क के दांतों में फंसा खाना भी साफ कर देती है।
शार्क दुनिया की सबसे खतरनाक शिकारी है पर वह इस छोटी सी मछली को कभी नहीं खाती। दोनों में गजब की दोस्ती है। शार्क इसे प्रोटेक्शन देती है, बदले में ये शार्क की बॉडी साफ रखती है इसलिए ये शार्क की मुंहबोली बहन कहलाती है।
इस छोटी सी मछली की लंबाई सिर्फ 30 से 90 सेंटीमीटर होती है और इसका वजन 1 से 2 किलो तक होती है पर आप इसकी हिम्मत देखो। यह छोटी सी मछली 3 टन की व्हेल से भी चिपक जाती है। शार्क, डॉल्फिन, कछुआ, यहां तक कि नावों से भी चिपक जाती है। यह किसी से नहीं डरती।
पुराने जमाने में लोग इस मछली का शिकार के लिए इस्तेमाल करते थे। इसकी पूंछ में रस्सी बांधकर पानी में छोड़ देते थे। ये बड़ी मछली या कछुए से चिपक जाती थी, फिर मछुआरे रस्सी खींचकर दोनों को बाहर निकाल लेते थे।
यह मछली खुद से बड़ी मछली नहीं मारती, पर चालाकी से बड़ा शिकार करवाती है। शार्क के साथ रहकर बड़े शिकार तक पहुंच जाती है। शार्क के हमले के बाद बचा हुआ सारा खाना इसका। मतलब- मेहनत शार्क की और दावत इसकी।
ये मछली हमेशा बड़े जानवर से चिपकी रहती है, इसे दुश्मनों से खतरा नहीं। शार्क के पास कोई परिंदा भी नहीं आता। ये सेफ रहती है, पेट भरा रहता है और पूरे समुंदर में फ्री में घूमती है। इससे ज्यादा स्मार्ट लाइफस्टाइल शायद ही किसी की होगी।