वायरल न्यूज़

UAE में सिक्योरिटी गार्ड ने जीते 15 करोड़ रुपये; आलीशान घर, दुबई में निवेश और महिंद्रा थार समेत जानें तैयब के कौन-कौन से सपने होंगे पूरे

UAE Lottery Winner: आबू धाबी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले नेपाल के 26 वर्षीय तैयब खान ने अपने 4 दोस्तों के साथ मिलकर यूएई (UAE) की 'लकी डे' लॉटरी में ₹78 करोड़ का जैकपॉट जीता है।

Image

बिजनेस की दुनिया में कदम रखने की तैयारी (फोटो: एआई)

UAE Lottery Winner: कहते हैं कि अगर हौसला और उम्मीद न छोड़ी जाए, तो किस्मत बदलते देर नहीं लगती। ऐसा ही कुछ हुआ है नेपाल (Nepali Security Guard Jackpot) के 26 वर्षीय तैयब खान के साथ। आबू धाबी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले तैयब खान की जिंदगी यूएई (UAE) की 'लकी डे' लॉटरी ने पूरी तरह बदल दी है। उन्होंने अपने दोस्तों के साथ मिलकर 30 मिलियन दिरहम (लगभग 78 करोड़ रुपये) का बंपर जैकपॉट जीता है।

5 दोस्तों को मिली कामयाबी

गल्फ न्यूज के मुताबिक, तयब और उनके चार दोस्तों ने मिलकर इस लॉटरी का टिकट खरीदा था। साल 2024 की शुरुआत में तैयब खान ने फेसबुक पर इस लॉटरी के बारे में जाना था। इसके बाद से ही इन पांचों दोस्तों ने हर हफ्ते 50-50 दिरहम मिलाकर टिकट खरीदना शुरू किया। हर हफ्ते टिकट का नंबर चुनने की जिम्मेदारी अलग-अलग दोस्त की होती थी। कई बार छोटे इनाम जीतने के बाद, आखिरकार उनकी महीनों की मेहनत और उम्मीद रंग लाई।

ईमेल देखते ही कांपने लगे पैर

27 मई को ईद-उल-अजहा की छुट्टी के दिन तयब नाइट ड्यूटी पर थे, तभी लॉटरी के नतीजे आए। तयब को इसकी जानकारी एक ईमेल के जरिए मिली। उन्होंने बताया, "मुझे पहले भी छोटे इनामों के ईमेल आते थे, इसलिए मैंने इसे हल्के में लिया। लेकिन जैसे ही मैंने ईमेल खोला और उसमें 30 मिलियन दिरहम लिखे देखे, तो मेरे हाथ-पैर कांपने लगे। मुझे लगा जैसे मैं कोई सपना देख रहा हूं" इनाम की रकम पांचों दोस्तों में बराबर बंटी, जिससे तयब के हिस्से में 6 मिलियन दिर्हम (करीब 15 करोड़ रुपये) आए। तैयब ने अपनी इस कामयाबी की खबर सबसे पहले अपने अंकल को दी, जिन्होंने उन्हें यूएई आने में मदद की थी। खबर सुनते ही उनके अंकल की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। तयब अब एक कर्मचारी से बिजनेसमैन बनने के अपने नए सफर के लिए बेहद उत्साहित हैं।

भविष्य का सपना

इस बड़ी जीत के बाद तयब अब सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी छोड़ रहे हैं। पिछले चार सालों से कर्मचारी के रूप में काम कर रहे तयब अब खुद का बिजनेस या इन्वेस्टमेंट करना चाहते हैं।

पैसों का क्या करेंगे तयब?

तैयब का सबसे पहला सपना नेपाल में अपने परिवार के लिए एक बेहतरीन इलाके में सभी सुख-सुविधाओं से लैस घर बनाना है।

वह सालों से एक 'महिंद्रा थार' जीप और 'रोलेक्स' घड़ी खरीदने की ख्वाहिश रखते थे, जिसे वे अब पूरा करेंगे।

वह दुबई में एक अपार्टमेंट खरीदने और यूएई के रियल एस्टेट बिजनेस में कदम रखने की योजना बना रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article