नवरात्रि के उत्सव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों छाए हुए हैं। इसी बीच पाकिस्तान में भी नवरात्रि की धूम देखी गई, जिसका वीडियो एक पाकिस्तानी इन्फ्लूएंसर ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो में लोगों को पूरे जोश और उत्साह के साथ गरबा और डांडिया खेलते हुए देखा जा सकता है। साथ ही वीडियो में पंडाल के अंदर माता दुर्गा की तस्वीरें भी दिख रही हैं।
पाकिस्तानी इन्फ्लूएंसर ने शेयर किया यह वीडियो
इस वायरल वीडियो को प्रीतम देवरिया नाम के पाकिस्तानी इन्फ्लूएंसर ने शेयर किया है और कैप्शन में लिखा है, "पाकिस्तान में नवरात्रि।" वीडियो में दिख रहा है कि मां दुर्गा का एक बहुत बड़ा सा पंडाल बनाया गया है, जिसमें लोगों की भीड़ गरबा और डांडिया की थाप पर थिरक रही है। मां दुर्गा की तस्वीरें साफतौर पर नजर आ रही हैं।
पाकिस्तान में नवरात्रि का उत्सव
वायरल हो रहे इस वीडियो को अब तक 1,08,000 से ज्यादा लोगों ने देखा और 8 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो में लिखा है: "पाकिस्तान में नवरात्रि उत्सव—डांडिया और गरबा नाइट।" इसी तरह का एक और वीडियो धीरज मंधान नाम के यूजर ने भी शेयर किया है। इस वीडियो में लोग तालमेल के साथ गरबा और डांडिया की करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ लिखा गया है, "पाकिस्तान में हिंदू - नवरात्रि का उत्सव।" इस वीडियो को भी हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है। यह पहली बार नहीं है जब लोगों को पाकिस्तान में नवरात्रि का उत्सव मनाते हुए देखा जा रहा है। पिछले साल भी धीरज मंधान नाम के एक यूजर ने कराची में आयोजित नवरात्रि समारोह की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की थीं।
जय माता दी
वायरल हो रहे इन वीडियोज़ को देखकर कहा जा सकता है कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू समुदाय अपने सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सवों को पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाते हैं। वीडियो पर पाकिस्तान समेत भारत के लोगों ने भी कमेंट किया है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "भारत की ओर से आप सभी पाकिस्तानी भाइयों को जय माता दी।" दूसरे ने लिखा, "देखकर अच्छा लगा कि पाकिस्तान में भी हमारे हिंदू भाई खुशी-खुशी नवरात्रि का त्योहार मना रहे हैं।"
