शहर

कार खरीदने के लिए पिता से मांगे पैसे, नहीं दिया तो नए ग्राइंडर से रेता गला... घंटे भर में पुलिस ने गुजरात से पकड़ा

Palghar News: महाराष्ट्र के पालघर में कार खरीदने और कर्ज चुकाने के लिए पैसे न देने पर एक बेटे ने इलेक्ट्रिक स्टोन-कटर ग्राइंडर से अपने 55 वर्षीय पिता की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी गुजरात से गिरफ्तार।

Image

कार और कर्ज चुकाने के लिए मांगे थे पैसे

Palghar News: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां कार खरीदने और अपने सिर पर चढ़ा कर्ज चुकाने के लिए बेटे ने पिता से पैसे मांगे और जब पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो 28 वर्षीय बेटे ने खौफनाक कदम उठा लिया। आरोपी बेटे ने एक हार्डवेयर की दुकान से नया इलेक्ट्रिक स्टोन-कटर ग्राइंडर खरीदकर उससे अपने 55 वर्षीय पिता का गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर पड़ोसी राज्य गुजरात से दबोच लिया।

मुंबई की प्रॉपर्टी और पैसों को लेकर चल रहा था विवाद

पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक मोहनलाल परमार और उनके आरोपी बेटे मुकेश परमार के बीच लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक मोहनलाल परमार मुंबई के दादर इलाके में बर्तनों की एक दुकान चलाते थे। पिता और पुत्र के बीच मुंबई की एक प्रॉपर्टी की बिक्री से मिले पैसों, कार खरीदने की जिद और कर्ज चुकाने के लिए बार-बार पैसे मांगने को लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे।

नया ग्राइंडर खरीदकर घर लौटा और कर दी हत्या

पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर को पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर फिर से तीखी बहस और झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर मुकेश घर से बाहर निकला और एक दुकान से टाइल्स और स्लैब काटने वाला भारी-भरकम इलेक्ट्रिक ग्राइंडर खरीदकर लाया। घर लौटने के बाद उसने इसी खतरनाक पावर टूल से अपने पिता का बेरहमी से गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

छोटे बेटे ने भेजा था परिचित को, तब हुआ खुलासा

इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब मृतक के छोटे बेटे ने अपने पिता को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका जताते हुए उसने एक जानकार को फ्लैट पर जाकर देखने के लिए कहा। जब वह परिचित घर पहुंचा, तो उसने मोहनलाल परमार को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया और तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।

एक घंटे के भीतर दबोचा गया आरोपी

हत्या की सूचना मिलते ही हरकत में आई पालघर पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से तुरंत ट्रैकिंग शुरू की। पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर आरोपी मुकेश परमार को गुजरात के भरूच से धर दबोचा। सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है, और पुलिस इस मामले में आगे की गहन कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article