Ranthambore Tiger Reserve में एक बार फिर बाघों की खतरनाक और रोमांचक लड़ाई देखने को मिली। जहां दों बाघिनों में अपने-अपने इलाके को लेकर आपस में लड़ाई हो गई। लड़ाई कर रही ये दोनों बाघिन रिश्ते में मां-बेटी हैं। जिनका नाम टाइग्रेस रिद्धि (T-124) और उसकी बेटी माही (T-2404) है। यह घटना 17 मार्च 2026 को हुई। इस पूरे जंग को टाइगर सफारी के दौरान पर्यटकों ने अपनी आंखों से देखा और इसका वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
मां-बेटी के बीच हुई तकरार
ये जंग रणथंभौर टाइगर रिजर्व के जोन नंबर 3 के राजबाग तालाब के पास हुई। जहां जंगल की मशहूर टाइग्रेस रिद्धि (T-124) और उसकी बेटी माही (T-2404) एक-दूसरे के ही आमने-सामने आ गईं। देखते ही देखते दोनों के बीच टेरिटरी यानी इलाके को लेकर जोरदार भिड़ंत शुरू हो गई। यह नजारा इतना जबरदस्त था कि वहां मौजूद पर्यटकों ने इसे अपने कैमरे में रिकॉर्ड करने से खुद को रोक नहीं पाएं।
इलाके को लेकर जंगल में लड़ाई, बेहद ही आम बात
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की लड़ाई जंगल में आम बात है। जब छोटे शावक बड़े हो जाते हैं, तो वे अपनी अलग जगह बनाना चाहते हैं। इसी वजह से कई बार तो मां और बच्चों के बीच भी लड़ाई हो जाती है। रिद्धि रणथंभौर की एक जानी-मानी टाइग्रेस है और उसकी संतानों को देखने के लिए हमेशा पर्यटक उत्साहित रहते हैं। वहीं माही अब बड़ी हो रही है और अपनी अलग पहचान और टेरिटरी बनाने की कोशिश कर रही है। जंगल की यह लड़ाई एक बार फिर हमें यह दिखाती है कि जंगल में वही टिकता है जो मजबूत होता है यानी जंगल का असली कानून ‘सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट’ ही है। यहां हर बाघ को अपनी जगह और साम्राज्य बनाने के लिए लड़ना पड़ता है। चाहे वह मां-बाप ही क्यों ना हों।
