Viral Video: कहते हैं कि अगर इरादों में बुलंदी और मन में कुछ सीखने की चाह हो, तो अभाव और परिस्थितियां कभी आड़े नहीं आतीं। आप सबने इस तरह के कई उदाहरण देखे और सुने होंगे। सोशल मीडिया पर भी इस तरह के कई वीडियो (Trending Video) वायरल होते रहते हैं। इसी कड़ी में इंटरनेट पर इन दिनों एक ऐसा ही दिल को छू लेने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जो जिंदगी के कड़वे सच और एक बच्ची के अटूट जज्बे को एक साथ बयां करता है। क्योंकि, यह बच्ची सड़क किनारे आराम से बैठकर पढ़ाई करने में डूबी हुई है। जिसने भी यह नजारा देखा वो भावुक हो गया।
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यस्त सड़क के किनारे, जहां गाड़ियों और लोगों की आवाजाही लगी हुई है। वहीं, एक मासूम बच्ची ज़मीन पर बैठी हुई है। उसने अपने स्कूल बैग को सामने टिका रखा है और बेहद एकाग्रता के साथ अपनी कॉपी में कुछ लिख रही है। बच्ची के पास ही उसकी मां अपनी छोटी सी दुकान या सब्जी के पास बैठी नजर आ रही है। आस-पास का शोर, आती-जाती गाड़ियां और जीवन का संघर्ष... इनमें से कोई भी चीज उस बच्ची का ध्यान भटकने नहीं दे पा रही है। वहीं, वीडियो पर लिखे टेक्स्ट "Life is not easy for everyone" (हर किसी के लिए जिंदगी आसान नहीं होती) ने लोगों को गहराई से सोचने पर मजबूर कर दिया है। देखें वीडियो...
दिल को छू लेने वाला नजारा
जहां आज के समय में बहुत से बच्चे हर सुविधा मिलने के बाद भी पढ़ाई से कतराते हैं। वहीं, यह मासूम बिना किसी शिकायत के संसाधनों की कमी के बावजूद अपने सपनों को सींच रही है। जिसने भी यह नजारा देखा वो भावुक हो गया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को rizz61x नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को काफी संख्या में लोग अब तक देख चुके हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर यूजर्स जमकर रिएक्शन भी दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह दृश्य सिखाता है कि परिस्थितियां कैसी भी हों, अगर पढ़ने की लगन हो तो कोई रास्ता नहीं रोक सकता। एक अन्य यूजर ने लिखा कि बच्ची की मेहनत और लगन देखकर आंखें भर आईं। ईश्वर इसे हर सफलता दे। वहीं, कई लोगों ने इस बच्ची की शिक्षा के लिए मदद की गुहार भी लगाई है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
