वायरल न्यूज़

Video: नहर में गिरा तेंदुए का बच्चा, बांस के सहारे आया बाहर, ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित जंगल लौटा

नैनीताल के कालाढूंगी में तेंदुए का एक बच्चा बौर नहर में गिर गया। ग्रामीणों ने बांस की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद उसकी मां उसे जंगल में ले गई।

Image

नहर में गिरा तेंदुए का बच्चा, ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू (X/@KumaonJagran)

सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक तेंदुआ तेज बहाव वाले नहर में गिर गया है और वह एक बांस पकड़कर लटका हुआ है। इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @KumaonJagran नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसके कैप्शन में बताया गया है कि यह घटना उत्तराखंड के नैनीताल जिले के कालाढूंगी की है। जहां एक तेंदुए का बच्चा अचानक बौर नहर में गिर गया। पानी में फंसे बच्चे को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद लोगों ने मिलकर ऐसी जुगत लगाई कि तेंदुए का बच्चा सुरक्षित बाहर निकल आया।

बौर नहर में गिरा तेंदुए का बच्चा

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीण नहर के किनारे जमा दिखाई दे रहे हैं और एक छोटे से तेंदुए के बच्चे को पानी से बाहर निकालने की कोशिश करते नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि तेंदुए का बच्चा कालाढूंगी इलाके में बहने वाली बौर नहर में गिर गया था। सुबह के समय जब ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो वह पानी से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था लेकिन नहर की ऊंची और फिसलन भरी दीवारों के कारण उसके लिए बाहर आना आसान नहीं था।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

ग्रामीणों ने बांस की मदद से बनाया रास्ता

तेंदुए के बच्चे को मुश्किल में देखकर ग्रामीणों ने तुरंत मदद करने का फैसला किया। लोगों ने नहर में एक लंबा बांस उतारा और उसे इस तरह रखा कि बच्चा उसके सहारे ऊपर चढ़ सके। कुछ देर की कोशिश के बाद तेंदुए का बच्चा बांस को पकड़कर धीरे-धीरे ऊपर की तरफ बढ़ने लगा। किनारे पर खड़े ग्रामीण भी लगातार उस पर नजर रखे हुए थे। आखिरकार बच्चा नहर से बाहर निकलने में सफल हो गया। वीडियो में तेंदुए का बच्चा बाहर निकलने के बाद तेजी से आगे बढ़ता हुआ दिखाई देता है। उसे सुरक्षित देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली।

कुछ देर बाद मां के पास पहुंचा बच्चा

सबसे खास बात यह रही कि नहर से बाहर निकलने के बाद तेंदुए का बच्चा जंगल की तरफ चला गया। बताया जा रहा है कि उसकी मां आसपास ही मौजूद थी। बच्चे के सुरक्षित बाहर आने के बाद उसकी मां उसे अपने साथ जंगल की ओर ले गई। इस पूरे घटनाक्रम ने मौके पर मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। ग्रामीणों की कोशिश की वजह से तेंदुए का बच्चा नहर में फंसा नहीं रहा और सुरक्षित अपनी मां तक पहुंच गया।

सोशल मीडिया पर हो रही ग्रामीणों की तारीफ

वीडियो (Video) सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ग्रामीणों की तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जंगल के आसपास रहने वाले ग्रामीण अक्सर वन्यजीवों को अपने आसपास देखते हैं और ऐसी परिस्थितियों में उनकी समझदारी काफी काम आती है। हालांकि, जंगली जानवरों के मामले में विशेषज्ञों की सलाह के बिना सीधे उनके पास जाना जोखिम भरा हो सकता है। तेंदुए जैसे जानवर बेहद सतर्क और अप्रत्याशित हो सकते हैं। ऐसे मामलों में वन विभाग को सूचना देना और प्रशिक्षित टीम की मदद लेना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। फिलहाल कालाढूंगी का यह वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। एक तरफ नहर में फंसे नन्हे तेंदुए की परेशानी दिखी, तो दूसरी तरफ ग्रामीणों की मदद से वह सुरक्षित बाहर निकल आया। कुछ ही देर बाद अपनी मां के साथ जंगल की ओर लौटता यह बच्चा इस पूरी घटना का सबसे सुकून देने वाला हिस्सा रहा।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article