वायरल न्यूज़

1 अरब से भी अधिक में बिका टॉयलेट सीट, जानें किसने खरीदा यह कमोड और क्यों है इतना महंगा

एक टॉयलेट सीट, जो अपनी नीलामी के दौरान एक अरब रुपए से भी ज्यादा में बिकी। आज उसी टॉयलेट सीट के बारे में हम आपको बताएंगे। आखिर ये टॉयलेट सीट इतनी महंगी क्यों है और इसमें क्या खास है?

Image

टॉयलेट कमोड जो एक अरब से भी ज्यादा में बिका (X/@sothebys)

हमारे घरों में दिखने वाली टॉयलेट सीट की कीमत हजारों या फिर ज्यादा से ज्यादा लाखों में हो सकती है। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि कोई टॉयलेट सीट 100 करोड़ रुपये (लगभग 12 मिलियन डॉलर) में बिकी हो? जी हां, यह बिल्कुल सच है। DW की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 1 अरब रुपये की कीमत वाली यह टॉयलेट सीट कोई साधारण टॉयलेट नहीं है बल्कि 18 कैरेट शुद्ध सोने से बनी यह टॉयलेट सीट है, जिसे बनाने में करीब 101 किलो (223 पाउंड) सोने का इस्तेमाल किया गया है।

सोने से बना है यह टॉयलेट कमोड

इस टॉयलेट सीट को दुनिया के मशहूर इतालवी कलाकार मॉरिजियो कैटेलन (Maurizio Cattelan) ने बनाया है। कैटेलन वही कलाकार हैं जो केले को टेप कर पूरी दुनिया में मशहूर हुए थे। बता दें कि इस टॉयलेट को कोई सोने की परत चढ़ाकर नहीं बल्कि पूरे ठोस सोने से इसका निर्माण किया गया है। अगर इस टॉयलेट सीट को पिघलाकर गोल्ड बिस्किट भी बनाया जाए तो इसकी कीमत करोड़ों में होगी।

1 अरब से ज्यादा में बिका यह टॉयलेट सीट

इस टॉयलेट सीट की नीलामी न्यूयॉर्क के ब्रूयर बिल्डिंग में हुई, जिसकी नीलामी सॉदबीज नामक नीलामी घर ने करवाई। नीलामी के दौरान इसकी शुरुआती बोली 10 मिलियन डॉलर रखी गई थी, जिसके बाद फीस मिलाकर इसकी कीमत 12.1 मिलियन डॉलर बनती है। इस टॉयलेट कमोड को एक अज्ञात कलेक्टर ने खरीदा है। मॉरिजियो कैटेलन ने अपनी इस अद्भुत कलाकृति का नाम 'अमरिका' रखा था। वे इसे अमीरों पर एक व्यंग्य बताते हैं। उनका कहना है कि, “चाहे आप 200 डॉलर का लंच खाएं या 2 डॉलर का हॉट डॉग, आखिर में सबका काम एक ही जगह होता है और वह है टॉयलेट।” यानी उनकी यह कलाकृति समाज में अमीरी और गरीबी की खाईं पर तंज कसती है।

पहले चोरी हो गया था यह गोल्डन टॉयलेट सीट

मालूम हो कि मॉरिजियो कैटेलन ने ऐसे तीन गोल्डन टॉयलेट बनाए थे, लेकिन सॉदबीज के अनुसार, अब यह सिर्फ आखिरी पीस है जो बचा हुआ है। पहली बार यह शुद्ध सोने से बनी टॉयलेट सीट कलाकृति न्यूयॉर्क के गुगेनहाइम म्यूजियम में दिखाई गई थी, जहां 1 लाख से ज्यादा लोग इसे देखने और इस्तेमाल करने पहुंचे थे। सॉदबीज ने इसे ‘कला इतिहास का सबसे लक्जरी बाथरूम ब्रेक’ बताया है। 2019 में इसका दूसरा एडिशन ब्लेनहेम पैलेस से चोरी हो गया था, जिसके बाद यह कलाकृति दुनिया भर में सुर्खियों में आ गई। चोरी हुई गोल्डन सीट का आज तक कुछ पता नहीं चला। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया था।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article