Apple का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo अपनी कीमत के साथ-साथ रिपेयरिंग खर्च को लेकर भी चर्चा में है। भारत में इस फोन की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है यानी इसे खरीदने के लिए करीब 3 लाख रुपये खर्च करने होंगे, लेकिन अगर फोन की अंदरूनी स्क्रीन टूट जाती है, तो उसे ठीक कराने में भी बड़ी रकम खर्च करनी पड़ सकती है। Apple की ओर से बताई गई रिपेयर कीमतों के मुताबिक, iPhone Duo की इनर स्क्रीन बदलवाने का खर्च 1,49,900 रुपये है। यह रकम लगभग iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत के बराबर है।
iPhone Duo की स्क्रीन रिपेयर कराने में कितना खर्च आएगा?
Apple Support की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, iPhone Duo की सबसे महंगी रिपेयर इसकी अंदरूनी स्क्रीन की है। इसे बदलवाने के लिए 1,49,900 रुपये देने होंगे। वहीं, फोन की बाहरी स्क्रीन की मरम्मत का खर्च 42,900 रुपये है। अगर बाहरी स्क्रीन के साथ बैक ग्लास भी टूट जाता है, तो यह खर्च बढ़कर 55,900 रुपये हो जाता है।
फोन के दूसरे पार्ट्स की मरम्मत भी सस्ती नहीं है। बैक ग्लास बदलवाने के लिए 20,900 रुपये और बैटरी सर्विस के लिए 24,900 रुपये खर्च करने होंगे। वहीं, रियर कैमरे की मरम्मत का चार्ज 26,900 रुपये है। अगर सिर्फ कवर लेयर को नुकसान पहुंचता है, तो इसके लिए 5,900 रुपये देने होंगे, हालांकि फोन को दूसरी तरह का नुकसान होने पर रिपेयर का खर्च 2,24,900 रुपये तक पहुंच सकता है। यह रकम iPhone Duo की शुरुआती कीमत के बड़े हिस्से के बराबर है।

iPhone Duo Screen Repair in India Costs
iPhone Duo की रिपेयरिंग के लिए कितने पैसे देने होंगे?
AppleCare लेने पर स्क्रीन रिपेयर का खर्च कितना होगा?
iPhone Duo की महंगी रिपेयरिंग से बचने के लिए AppleCare प्लान एक विकल्प हो सकता है। हालांकि, इस फोल्डेबल फोन के लिए AppleCare की कीमत भी काफी ज्यादा है। इसकी कीमत 51,900 रुपये है। इस प्लान के तहत कवर होने वाले आकस्मिक नुकसान, जैसे फोन गिरने या उस पर लिक्विड गिरने की स्थिति में रिपेयर की सुविधा मिलती है।
इसके अलावा Apple के विशेषज्ञों से प्राथमिकता के आधार पर सपोर्ट भी मिलता है, हालांकि हर कवर किए गए नुकसान पर तय सर्विस फीस देनी होगी। AppleCare के साथ iPhone Duo की बैटरी सर्विस का खर्च शून्य रुपये है। कवर लेयर की मरम्मत के लिए 1,900 रुपये, जबकि बैक ग्लास और बाहरी स्क्रीन की मरम्मत के लिए अलग-अलग 2,500 रुपये देने होंगे।
सबसे बड़ी राहत अंदरूनी स्क्रीन के मामले में मिलती है। AppleCare के तहत इनर स्क्रीन की रिपेयर के लिए 8,900 रुपये देने होंगे, जबकि बिना प्लान के यही काम कराने पर 1,49,900 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। अन्य कवर किए गए आकस्मिक नुकसान के लिए भी 8,900 रुपये की सर्विस फीस निर्धारित है। ध्यान रहे कि चोरी और फोन खोने की स्थिति में कवरेज की शर्तें अलग हैं और इस प्लान में चोरी या गुम होने की सुरक्षा शामिल नहीं है।
क्या iPhone Duo के लिए AppleCare लेना फायदेमंद है?
अगर आप करीब 3 लाख रुपये का फोल्डेबल फोन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो AppleCare पर खर्च करने से पहले उसके फायदे और शर्तों को समझना जरूरी है। इस प्लान की कीमत 51,900 रुपये है, लेकिन अंदरूनी स्क्रीन टूटने की स्थिति में यह लाखों रुपये का संभावित खर्च घटाकर 8,900 रुपये कर सकता है।
उदाहरण के लिए, बिना AppleCare के इनर स्क्रीन बदलवाने पर 1,49,900 रुपये देने होंगे। इसके उलट, प्लान के तहत कवर होने वाले नुकसान पर सिर्फ 8,900 रुपये की सर्विस फीस लगेगी। यानी स्क्रीन रिपेयर में करीब 1.41 रुपये लाख की बचत हो सकती है।
