Kanpur News: कानपुर में डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में तौलिया छोड़ दिया गया। मामला कल्याणपुर स्थित विश्वास हॉस्पिटल का है। जानकारी के मुताबिक कानपुर देहात के मनेठू गांव निवासी मजदूर वीरेंद्र कुमार की 24 वर्षीय पत्नी सोनी को चार महीने पहले पेट दर्द की शिकायत हुई थी। जिसके बाद उसे मकसूदाबाद के ओमशांति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच में पता चला कि बच्चेदानी की ट्यूब फटने से पेट में खून जमा है।
ऑपरेशन के तीन महीने बाद महिला को हुआ दर्द
इसके बाद महिला को ओमशांति हॉस्पिटल से ऑपरेशन के लिए कल्याणपुर के विश्वास हॉस्पिटल लाया गया। ओमशांति हॉस्पिटल के संचालक अजय ने सोनी के पेट का ऑपरेशन विश्वास हॉस्पिटल में करवाया। इसके बाद सोनी को वापस अपने अस्पताल ओमशांति लाकर डिस्चार्ज कर दिया। ऑपरेशन के करीब तीन माह बाद महिला को फिर से पेट में दर्द उठा। लगातार पेट दर्द बढ़ने पर परिजन उसे लेकर अकबरपुर स्थित राफिल अस्पताल गए। जहां 11 अक्टूबर को महिला को भर्ती किया गया। वहीं 12 अक्टूबर को डॉ. दिनेश सिंह द्वारा दोबारा ऑपरेशन किया गया तो पेट में तौलिया फंसा हुआ मिला। इसके बाद ऑपरेशन कर महिला के पेट से तौलिया को बाहर निकाला गया।
ऑपरेशन के नाम पर लिए डेढ़ लाख रुपये कैश
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने ऑपरेशन के नाम पर लगभग 1.5 लाख रुपये कैश लिए और आयुष्मान कार्ड लेने से भी मना कर दिया। पीड़िता के पति वीरेंद्र ने बताया कि ऑपरेशन के नाम पर ओम शांति अस्पताल संचालक अजय ने उनसे डेढ़ लाख रुपये ले लिए। वहीं इस पूरे मामले पर विश्वास हॉस्पिटल संचालक जगदीश चंद्र विश्वास ने बताया, "उन्होंने ओम शांति हॉस्पिटल के संचालक अजय को अपना ऑपरेशन थिएटर चार हजार रुपये किराए पर दिया था। उनका मरीज से कोई लेना देना नहीं है। अजय ऑपरेशन उपकरण, सर्जन डॉक्टर, बेहोशी के डॉक्टर और ओटी असिस्टेंट समेत अन्य जरूरी चीजें खुद ही साथ में लेकर आए थे।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- Muzaffarpur News: यात्री बस से हो रही थी विदेशी शराब की तस्करी
पीड़ित पति ने थाने में की शिकायत
पीड़ित पति ने कल्याणपुर थाने में पत्र देकर दोषी डॉक्टर और अस्पताल के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के पति ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और कल्याणपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, कानपुर देहात के मनहेतु गांव निवासी वीरेंद्र कुमार की पत्नी सोनी (24) का ऑपरेशन 10/06/2026 को कल्याणपुर के विश्वास हॉस्पिटल में हुआ था। मकसूदाबाद में डॉ. अजय कुमार की क्लीनिक में दिखाने पर ऑपरेशन बताया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन में लगभग डेढ़ लाख रुपये नगद लिए गए और आयुष्मान कार्ड लेने से मना कर दिया गया। बाद में लगातार पेट दर्द होने पर अकबरपुर में डॉ. दिनेश सिंह ने दोबारा ऑपरेशन किया तो पेट से बड़ा तौलिया निकला।
