वायरल न्यूज़

दूल्हे राजा की घोड़ी ने खेली ऐसी गुगली, बाराती भी भूल गए तालियां बजाना, अचानक दो टांगें उठाकर करने लगी हवा से बात

शादी के इस सीजन में सोशल मीडिया स्क्रॉल करते ही किसी ना किसी की शादी आपको देखने को मिल जाएगी। शादियों के वीडियो से भरा फीड यह बताता है कि इस वक्त देश में शादी कितनी जोरों पर है। इसी बीच कई ऐसे वीडियो भी सामने आते हैं जिन्हें देख हमारी हंसी का डोज पूरा हो जाता है।

Image

बारात में घोड़ी ने मचाया हंगामा (Instagram/@_babu__skand ajooba_don_)

शादी का मौसम मतलब मस्ती का मौसम! उत्तर भारत में तो जैसे ही ठंड शुरू होती है, दूल्हों की घोड़ियां तैयार हो जाती हैं और बारातें सजने लगती हैं। लेकिन इस बार एक दूल्हा राजा तो घोड़ीचढ़े, लेकिन आज के बाद शायद ही वे अब कभी घोड़ी चढ़ने का नाम लेंगे। इस वीडियो को देखकर आप भी यही बोलोगे कि ये स्टंट था या फिर घोड़ी को किसी ने छेड़ दिया था।

अचानक हवा से बात करने लगी घोड़ी

दरअसल, हुआ यूं कि बारात जोर-शोर से आगे बढ़ रही थी। ढोल-ताशे बज रहे थे, दूल्हा राजा सिर पर सेहरा बांधे और कमर पर तलवार लटकाए घोड़ी पर शान से बैठे हुए थे। देखने में बिल्कुल बॉलीवुड हीरो की तरह लग रहे थे। अचानक पता नहीं घोड़ी किस मूड में आ गई कि वह अपने दो पैर हवा में उठाए हवा से बात करने लगी। दूल्हा साहब डर के मारे एकदम से घोड़ी की गर्दन से लिपट गए, जैसे कोई बच्चा मम्मी से चिपक जाता है।

हलक में अटकी दूल्हे की जान

नीचे घोड़ी वाला चिल्ला रहा है “आराम से भैया… आराम से” लेकिन घोड़ी को कौन समझाए! थोड़ी दूर तक तो घोड़ी ने ऐसा स्टंट मारा कि पूरी बारात के होश उड़ गए। लोग इधर-उधर भागने लगे कि कहीं दूल्हा उछलकर आसमान में न चला जाए। फिर जैसे ही घोड़ी ने चारों पैर जमीन पर टिकाए, दूल्हे की जान हलक से वापस पेट में आई। चेहरा देखने लायक था। दूल्हे के चेहरे पर 12 बजे हुए थे। सोच रहा होगा कि “आज तो बच गए भाई।”

वीडियो पर लोगों के आए मजेदार रिएक्शन

सोशल मीडिया पर यह वीडियो आग की तरह फैल रहा है। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @_babu__sk and ajooba_don_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक 10 लाख लोगों ने देखा और 19 हजार लोगों ने लाइक किया है। कमेंट बॉक्स में लोगों के हंसने वाले इमोजी का मेला लगा हुआ है। लोगों ने दूल्हे की जमकर मजाक उड़ाया है। जैसे एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, “अब घोड़ी वाले को आधी पेमेंट ही मिलेगी, आधा रास्ता तो घोड़ी ने उड़के पूरा कर दिया।” दूसरे ने लिखा, “बैंड वालों ने सोचा होगा आज दूल्हा हवा में डांस करेगा।” तीसरे ने लिखा, “दूल्हा सोच रहा होगा – शादी से पहले ही इस दुनिया से मेरी विदाई हो जाती।” चौथे ने लिखा, "अगली बार से दूल्हा हेलमेट और सीट बेल्ट लगाकर आएगा।"

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article