दुनिया

कनाडा में सैन्य अड्डे पर भीषण हादसा, आग लगने से कई लोगों की मौत, कई घायल

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, अल्बर्टा में स्थित कनाडाई सैन्य अड्डे सीएफबी वेनराइट में एक गंभीर घटना हुई है, जिसके कारण भीषण आग लग गई।

Image

कनाडा के अल्बर्टा में सैन्य बेस पर भीषण आग

Photo : AP

Canada Military Base Fire: कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित एक सैन्य अड्डे पर एक घटना के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें कुछ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। कनाडा के रक्षा मंत्री ने यह जानकारी दी। रक्षा मंत्री डेविड मैकगिंटी ने शनिवार को कहा, मुझे यह बताते हुए दुख हो रहा है कि सैन्य अड्डे पर हुई इस घटना में लोग हताहत हुए हैं। इससे पहले कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, अल्बर्टा में स्थित कनाडाई सैन्य अड्डे सीएफबी वेनराइट में एक गंभीर घटना हुई है, जिसके कारण भीषण आग लग गई।

कई सैन्यकर्मी प्रभावित हुए

उन्होंने कहा, हमारी संवेदनाएं इस घटना से प्रभावित सभी वीर महिलाओं एवं पुरुष सैन्यकर्मियों के साथ हैं। अल्बर्टा प्रांत प्रमुख डेनियल स्मिथ ने आग लगने की घटना को गंभीर और दुखद बताया और कहा कि इससे कई सैन्यकर्मी प्रभावित हुए हैं। यह सैन्य अड्डा अल्बर्टा के वेनराइट कस्बे के पास स्थित है, जो एडमोंटन से लगभग 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है।

कार्नी ने बताया कि संघीय सरकार अल्बर्टा के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वह और स्मिथ एक-दूसरे के निकट संपर्क में हैं तथा दोनों सरकारों के मंत्री और अधिकारी भी आपस में संपर्क बनाए हुए हैं। स्मिथ ने घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचकर बचाव कार्य करने वाले कर्मियों और प्रभावितों की देखभाल एवं सहायता कर रहे लोगों का आभार व्यक्त किया।

आग लगने के कारणों की कोई जानकारी नहीं दी

कनाडा के विपक्षी दल कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिव्रे ने कहा कि उन्होंने आग से प्रभावित लोगों को सहायता देने के संबंध में कार्नी और रक्षा मंत्री से बात की है। पोइलिव्रे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, आप सभी वेनराइट के लिए प्रार्थना करें। उन्होंने इलाके के लोगों से आपातकालीन निर्देशों का पालन करने और बचावकर्मियों के लिए सड़कें खाली रखने की अपील की। कार्नी और स्मिथ में से किसी ने भी आग लगने के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

यह आग ऐसे समय लगी है, जब कुछ ही दिन बाद अल्बर्टा में उस प्रक्रिया को शुरू करने के मुद्दे पर मतदान होना है, जिसके जरिए यह प्रांत कनाडा से अलग होकर स्वतंत्र होने की मांग कर सकता है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article