वायरल न्यूज़

VIDEO: सिर्फ कुछ मिनट की थी मुलाकात और 1 साल बाद भी इस ड्राइवर को नहीं भूली विदेशी महिला, अब कर रही तलाश

दिल्ली में एक ऑटो ड्राइवर ने विदेशी महिला से किराया लेने से इनकार कर दिया था। महिला ने उसे 2,000 रुपए दिए। करीब एक साल बाद पुराने वीडियो को शेयर कर अब वह उसी ड्राइवर को फिर खोज रही है।

Image

विदेशी महिला ने वीडियो शेयर कर इस ऑटो ड्राइवर का हाल-चाल जानना चाहा और लोगों से इससे दोबारा संपर्क कराने की अपील की। (Instagram/@givingjoyfully_25)

भारत में मेहमानों का सम्मान करने की परंपरा काफी पुरानी है। ‘अतिथि देवो भव’ की यही भावना कई बार रोजमर्रा की छोटी-छोटी घटनाओं में भी देखने को मिल जाती है। सोशल मीडिया (Social Media) पर इन दिनों एक ऐसी ही कहानी चर्चा में है, जिसमें दिल्ली के एक ऑटो ड्राइवर की छोटी-सी दरियादिली ने एक विदेशी महिला के दिल पर ऐसी छाप छोड़ी कि करीब एक साल बाद भी वह उसे नहीं भूल पाई। अब महिला सोशल मीडिया के जरिए उसी ड्राइवर को खोजने की कोशिश कर रही है।

चेंज पैसे ना होने पर ऑटो ड्राइवर ने किराया लेने से किया इनकार

दरअसल, करीब एक साल पहले विदेशी महिला दिल्ली आई थी। इसी दौरान उसने ऑटो से सफर किया। जब उसकी यात्रा पूरी हुई और किराया देने का समय आया तो ड्राइवर ने पैसे लेने से मना कर दिया। महिला ने दोबारा उससे पूछा कि क्या वह सच में किराया नहीं लेना चाहता। इस पर ड्राइवर ने बेहद सहज अंदाज में कहा, ‘डोंट वरी।’

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

खुश होकर विदेशी महिला ने ऑटो ड्राइवर को दिया 2000 रुपए

ड्राइवर का यह छोटा-सा जवाब महिला को काफी अच्छा लगा। उसे शायद उम्मीद नहीं थी कि कोई अनजान व्यक्ति बिना किसी खास वजह के उसका किराया लेने से इनकार कर देगा। महिला ने वहां मौजूद एक व्यक्ति की मदद से ड्राइवर से बातचीत की और उसका धन्यवाद किया। इसके बाद महिला ने ड्राइवर को 2,000 रुपये देने का फैसला किया। यह रकम उसने किराए के बदले नहीं, बल्कि ड्राइवर के अच्छे व्यवहार के लिए धन्यवाद के तौर पर दी।

ड्राइवर के परिवार के बारे में भी पूछा

वीडियो (Video) में महिला ऑटो ड्राइवर से उसके परिवार के बारे में भी बात करती नजर आती है। बातचीत के दौरान उसे पता चलता है कि ड्राइवर के चार बच्चे हैं। इनमें एक बेटा और तीन बेटियां हैं। महिला उससे पूछती है कि क्या 2,000 रुपये की यह रकम उसके लिए मददगार होगी। ड्राइवर महिला को धन्यवाद देता है। इसके बाद दोनों के बीच कुछ और बातचीत होती है और महिला उसे शुभकामनाएं देकर वहां से चली जाती है। यह मुलाकात शायद कुछ ही मिनटों की थी, लेकिन महिला के लिए यह एक यादगार अनुभव बन गई।

एक साल बाद फिर सामने आया पुराना वीडियो

इस कहानी की खास बात यह है कि महिला ने इस घटना को भुलाया नहीं। बताया जा रहा है कि इसका वीडियो पहली बार मई 2025 में सामने आया था। अब सितंबर 2026 में महिला ने उसी पुराने वीडियो को दोबारा सोशल मीडिया पर शेयर किया और लोगों से ऑटो ड्राइवर को खोजने में मदद मांगी।

एक साल बाद महिला को है इस ऑटो ड्राइवर की तलाश

महिला ने बताया कि भारत से वापस लौटने के बाद भी वह उस ड्राइवर के बारे में सोचती रही। उसे ड्राइवर का किराया लेने से मना करना और उसका सहज व्यवहार याद रहा। अब वह जानना चाहती है कि वह ड्राइवर इस समय कहां है और कैसा है। इसी वजह से उसने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि अगर कोई इस ऑटो ड्राइवर को पहचानता है या उसके बारे में जानकारी रखता है तो उससे संपर्क करने में मदद करे। महिला ने वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की भी अपील की है, ताकि उसकी तलाश पूरी हो सके।

लोगों ने दोनों की तारीफ की

महिला की इस कोशिश के बाद सोशल मीडिया पर लोग भी कहानी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ने कहा कि इस कहानी की खासियत सिर्फ 2,000 रुपये नहीं हैं, बल्कि दोनों तरफ से दिखाई गई इंसानियत है। कुछ लोगों ने ऑटो ड्राइवर के व्यवहार की तारीफ की तो कई भारतीय यूजर्स ने विदेशी महिला की इस कोशिश को भी सराहा। लोगों का कहना है कि कभी-कभी जिंदगी में किसी अनजान व्यक्ति की छोटी-सी अच्छी बात भी लंबे समय तक याद रह जाती है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article