देश

'BJP, RSS और मोदी जी के प्रति अपनी गहरी नफरत खत्म करें', किरेन रिजिजु ने राहुल गांधी को दिए सफलता के 7 मंत्र

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजु ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से इन सातों बिंदुओं को साझा करते हुए लिखा कि अगर कांग्रेस पार्टी और उनके शीर्ष नेता इन सुधारों को अपनाते हैं, तभी देश और पार्टी हित में कुछ सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है।

Image

राहुल गांधी के लिए किरेन रिजिजु के 7 मंत्र

Photo : PTI

Kiren Rijiju 7 Point Mantra For Rahul: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर व्यंग्यात्मक प्रहार करते हुए नसीहतें दीं। रिजिजू ने सात प्वाइंट में सलाह देकर बाता कि इससे कांग्रेस पार्टी को संसद में अधिक सीटें जीतने में मदद मिल सकती है। X पर एक पोस्ट में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को गुप्त विदेश यात्राओं से बचने सहित कुल सात नसीहतें दी हैं।

उन्होंने कहा, अगर राहुल गांधी जी ये काम करें तो कांग्रेस पार्टी और अधिक सांसद जीत सकती है-

  1. राहुल गांधी को देश में ज्यादा समय बिताना चाहिए और बार-बार गुप्त विदेश दौरोंसे बचना चाहिए
  2. भारतीय परंपरा के अनुसार, वरिष्ठों का सम्मान करना चाहिए और बुजुर्गों से मूल्यवान ज्ञान प्राप्त करना चाहिए
  3. किसी भी ऐसे व्यक्ति से न मिलें जो भारत-विरोधी एजेंडे पर काम कर रहे हों और उनके एजेंडे को बढ़ावा देना बंद करें
  4. भारतीय जनता पार्टी (BJP), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपने मन से गहरी नफरत को खत्म करें। भाजपा को अपना दुश्मन नहीं, बल्कि एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी समझें
  5. संसद की कार्यवाही को गंभीरता से लें और अपने सांसदों को सदन की बहसों व चर्चाओं में सक्रिय रूप से भाग लेने की अनुमति दें
  6. भारत के संविधान का पूर्ण सम्मान करें और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा का आदर करें
  7. कांग्रेस पार्टी को एक वास्तविक लोकतांत्रिक दल के रूप में कार्य करने की छूट दें और वंशवादी राजनीति को खत्म करें

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजु ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से इन सातों बिंदुओं को साझा करते हुए लिखा कि अगर कांग्रेस पार्टी और उनके शीर्ष नेता इन सुधारों को अपनाते हैं, तभी देश और पार्टी हित में कुछ सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब पक्ष और विपक्ष के बीच संसद के कामकाज, नीतियों और खुले बयानों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज है।

राहुल गांधी ने दी पीएम मोदी को बहस की चुनौती

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमने-सामने की बहस के लिए चुनौती देते हुए कहा कि वे पांच मिनट के भीतर यह साबित कर सकते हैं कि प्रधानमंत्री 'देशद्रोही' हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इशारों पर चल रहे हैं। संगरूर में कांग्रेस पार्टी की 'इंसाफ रैली' को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उनके सामने बहस के लिए नहीं बैठेंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री किसी को भी निर्णायक चुन सकते हैं और बहस का स्थान भी तय कर सकते हैं।

राहुल गांधी ने कहा, कल मैंने नरेंद्र मोदी को आमने-सामने की बहस के लिए चुनौती दी थी। वे इस बहस के लिए जिसे चाहें उसे निर्णायक बना सकते हैं। मैं देश को गारंटी देता हूं कि नरेंद्र मोदी मेरे सामने नहीं बैठ सकते। मैं गारंटी देता हूं कि बहस शुरू होने के पांच मिनट के भीतर ही मैं साबित कर दूंगा कि नरेंद्र मोदी 'देशद्रोही' हैं और डोनाल्ड ट्रंप उन्हें नियंत्रित करते हैं। (ANI)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article