Gorakhpur News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज यानी गुरुवार 5 नवंबर को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने महायोगी गुरु गोरक्षनाथ के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल के साथ राजनीतिक गतिविधियां भी तेज रहीं।
नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ के समक्ष शीश नवाया और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह गोरखपुर में दो दिवसीय सांगठनिक प्रवास है। उनके दौरे को उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन के साथ संवाद और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
पदयात्रा में CM योगी के साथ हुए थे शामिल
इससे पहले बुधवार को नितिन नवीन ने गोरखपुर में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में हिस्सा लिया था। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। पार्टी ने इस कार्यक्रम के जरिए अपने राजनीतिक संदेश और संगठनात्मक सक्रियता को प्रदर्शित किया।
पूर्व पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से करेंगे मुलाकात
गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद नितिन नवीन का पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें करने का कार्यक्रम है। इन बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस सांगठनिक दौरे में उत्तर प्रदेश भाजपा के नेतृत्व और संगठन के बीच समन्वय पर भी खास जोर रहने की संभावना है। आगामी राजनीतिक चुनौतियों और पार्टी की रणनीति को लेकर इन बैठकों को अहम माना जा रहा है।
