Karwa Chauth: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिला जेल में करवा चौथ का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर जेल में बंद 27 महिला बंदियों और 17 विवाहित जोड़ों ने त्योहार की रस्में निभाईं।
कैदियों ने मनाया करवा चौथ
सीतापुर जिला जेल प्रशासन की ओर से करवा चौथ के मौके पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। जेल अधीक्षक प्रीति यादव के मुताबिक, करवा चौथ के अवसर पर जेल परिसर में त्योहार मनाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। इस दौरान महिला बंदियों और विवाहित जोड़ों ने परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की और करवा चौथ की रस्मों में हिस्सा लिया।
जेल प्रशासन की इस पहल के तहत बंदियों को त्योहार मनाने का अवसर मिला। आयोजन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सीतापुर जिला जेल में करवा चौथ मनाए जाने की झलक दिखाई गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: करवा चौथ के चांद की पहली तस्वीर आई सामने, आप भी कर लें चौथ के चांद का दीदार
UP में धूमधाम से मनाया गया करवा चौथ
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से लेकर प्रदेशवासियों ने पारंपरिक तरीके से करवा चौथ मनाया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपनी पत्नी के साथ अपने आधिकारिक आवास पर करवा चौथ की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि वह इस पावन अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि करवा चौथ का त्योहार पति-पत्नी के बीच अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। यह पर्व भारतीय संस्कृति में गहराई से रचे-बसे पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को दर्शाता है।
पारंपरिक तरीके से होती है पूजा-अर्चना
सनद रहे कि करवा चौथ के दिन चांद का दीदार करने के बाद महिलाएं सबसे पहले चंद्रदेव को अर्घ्य देती हैं। इसके बाद दीपक जलाकर विधि-विधान से पूजा की जाती है और पति की लंबी उम्र, सुखी वैवाहिक जीवन तथा परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है। इसके बाद पति के हाथों से पानी पीकर पत्नियां व्रत खोलती हैं।
