दिल्ली-मुबंई जैसे बड़े शहरों में खुद का घर होना लोगों का सपना होता है। इसके लिए वे ज्यादा से ज्यादा कीमत चुकाकर भी अपने इस सपने को साकार करते हैं। मगर आपके अपने सपनों का घर, जिसके लिए आपने इतनी बड़ी कीमत चुकाई, अगर वह समय से पहले ही बदहाल हो जाए तो उसका दुख अलग ही होता है। इंसान खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगता है और ऐसे घर में आए दिन परेशानियों से दो-चार होना पड़ता है।
परिवार के लिए परेशानी का सबब बन गया उनका फ्लैट
कुछ ऐसा ही अनुभव दिल्ली के एक परिवार को हुआ। जब उनका सपनों का घर अचानक उनके लिए एक बड़ी परेशानी बन गया। इस परिवार ने डेढ़ से दो करोड़ की महंगी कीमत में दिल्ली में एक फ्लैट खरीदा। मगर कुछ ही समय बाद फ्लैट की छत से इतनी तेज पानी की धार गिरने लगी कि पूरा फ्लैट पानी से भर गया। जिसका वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि घर की छत से पानी ऐसे गिर रहा है जैसे घर के अंदर ही बारिश हो रही हो। इस वीडियो को देखकर लोग हैरान हैं और बिल्डिंग की क्वालिटी पर सवाल उठा रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
फ्लैट की छत से गिरने लगा झमाझम पानी
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल साइट एक्स (X) पर @SanjuGoyel नाम की यूजर ने शेयर किया है। वीडियो को पोस्ट कर यह दावा किया गया है कि यह घटना दिल्ली की एक हाउसिंग सोसाइटी के 13वीं मंजिल पर बने फ्लैट की है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि छत से लगातार पानी गिर रहा है और कुछ ही देर में पूरा लिविंग रूम पानी से भर जाता है। कमरे में रखा सोफा, सेंटर टेबल और दूसरे फर्नीचर पूरी तरह भीग जाते हैं। फर्श पर भी काफी पानी जमा हो जाता है। दीवारों और छत पर भी पानी के निशान साफ नजर आते हैं।
फायर अलार्म सिस्टम के पाइप फटने से घर के अंदर भरा पानी
पोस्ट में दावा किया गया है कि यह हादसा फायर अलार्म सिस्टम की पाइप फटने की वजह से हुआ। आरोप लगाया गया कि पाइप की फिटिंग ठीक से नहीं की गई थी, जिसके कारण यह टूट गई और पूरा पानी फ्लैट के अंदर भर गया। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि इस फ्लैट की कीमत करीब 1.5 करोड़ से 2 करोड़ रुपये के बीच है। इतने महंगे घर में इस तरह की घटना होने से परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। दावा है कि फर्नीचर और इंटीरियर को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
परिवार ने मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ की FIR
वायरल पोस्ट के मुताबिक, प्रभावित परिवार ने मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है। साथ ही आरोप लगाया गया कि बिल्डिंग के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था और इन दावों के साथ परिवार ने मेंटनेंस एजेसी से मेंटनेंस कॉस्ट की मांग की है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर इस वक्त तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोगों का कहना है कि अगर निर्माण में लापरवाही हुई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि घर खरीदते समय केवल लोकेशन और कीमत ही नहीं, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता भी जांचना बेहद जरूरी है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
