सोशल मीडिया पर हर दिन कई ऐसे वीडियो वायरल होते हैं, जो लोगों को हैरान कर देते हैं। इस बार एक ऐसा ही वीडियो चर्चा में है, जिसमें दिल्ली के एक छोले-कुल्चे बेचने वाले की कमाई सुनकर एक महिला खुद भी चौंक जाती है। वीडियो (Video) देखने के बाद लोग स्ट्रीट फूड बिजनेस को लेकर अलग-अलग राय दे रहे हैं। इस वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम पर कोमल नेगी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @bykomal_raw पर शेयर किया है। वह अक्सर दिल्ली के अलग-अलग स्ट्रीट फूड स्टॉल पर जाकर लोगों से बातचीत करती हैं और उनके खाने का स्वाद भी चखती हैं। इस तरह के कई वीडियो आपको उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर देखने को मिल जाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
स्ट्रीट फूड वाले का जवाब सुन दंग रह गई महिला
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि कोमल नेगी एक छोले-कुल्चे बेचने वाले के स्टॉल पर पहुंचती हैं। वहां वह उससे उसकी रोज की कमाई के बारे में पूछती हैं। पहले तो दुकानदार मुस्कुराता है, फिर बताता है कि वह छोले-कुल्चे और मैगी बेचकर हर दिन करीब 5,000 रुपये कमा लेता है। यह जवाब सुनकर कोमल नेगी भी हैरान रह जाती हैं। अगर इसी हिसाब से देखा जाए तो उसकी महीने की कमाई करीब 1.5 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि, यह अनुमान रोज की कमाई के आधार पर लगाया गया है। इसमें दुकान का खर्च, सामान की लागत और अन्य खर्च शामिल नहीं हैं।
महिला ने पूछा- क्या मेरे लिए ठेला लगाने के लिए कोई जगह है?
दुकानदार की कमाई सुनने के बाद कोमल नेगी हंसते हुए उससे पूछती हैं कि क्या उसे पता है कि वह खुद कितना कमाती हैं। लेकिन अगले ही पल वह कहती हैं कि वह अपनी कमाई बताना नहीं चाहतीं। इसके बाद वह मजाक में स्टॉल के पास खाली जगह की तरफ इशारा करते हुए पूछती हैं कि क्या वहां जगह खाली है, ताकि वह भी अपना फूड स्टॉल लगा सकें। उनकी यह बात सुनकर आसपास मौजूद लोग भी मुस्कुराने लगते हैं।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि स्ट्रीट फूड का कारोबार सही तरीके से किया जाए तो अच्छी कमाई हो सकती है। वहीं कई यूजर्स ने यह भी कहा कि यह काम जितना आसान दिखता है, उतना है नहीं। पूरे दिन धूप, बारिश और ठंड में खड़े होकर काम करना पड़ता है। इसके अलावा सामान खरीदना, ग्राहकों को संभालना और कई दूसरी चीजों का भी सामना करना पड़ता है। कुछ लोगों ने मजाक में लिखा कि अब उन्हें भी नौकरी छोड़कर छोले-कुल्चे का स्टॉल खोलने का मन कर रहा है। वहीं कई यूजर्स ने कहा कि किसी भी काम को छोटा नहीं समझना चाहिए, क्योंकि मेहनत से हर काम में अच्छी कमाई की जा सकती है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
