बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) की कार पर गोलियां चलाने के मामले में जांच अब और तेज हो गई है। मुंबई की एक विशेष अदालत ने सभी 11 आरोपियों को 6 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (MCOCA) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस हमले की साजिश कैसे रची गई, हथियार कहां से आए और आरोपियों के बीच क्या संबंध थे। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Tanu Weds Manu 3: कंगना रनौत और आर माधवन के बिना नहीं बनेगी फिल्म, आनंद एल राय ने किया साफ)
टाइगर की कार पर कब हुई थी फायरिंग?
यह घटना 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी बाइक पर आए दो हमलावरों ने उनकी कार पर कई गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। इस घटना में टाइगर को कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर और वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस को शक है कि कुछ आरोपियों ने हमले को अंजाम देने में भूमिका निभाई, जबकि कुछ ने कथित तौर पर हमलावरों की मदद की। तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से पकड़ा गया था, जबकि बाकी की गिरफ्तारी दिल्ली और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों से हुई।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 27 अक्टूबर को सभी 11 आरोपियों के खिलाफ MCOCA लगाया। पुलिस को शक है कि इस घटना के पीछे संगठित अपराध से जुड़े लोग हो सकते हैं। जांच में पैसों के लेन-देन और इलाके में दबदबा बनाने की आशंका पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के इंतजाम, उनके बीच हुई बातचीत और हमले से पहले और बाद में मिली कथित मदद की जानकारी जुटाना चाहती है। इसी वजह से पुलिस ने हिरासत की मांग की थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
