वायरल न्यूज़

किस्मत का गजब खेल! जिस अनजान टूरिस्ट से हुई मुलाकात, वहीं निकला सगा चाचा, Viral हुई बिछड़े परिवार की कहानी

एक युवक ने टूरिस्ट के साथ सेल्फी ली, लेकिन बातचीत के दौरान पता चला कि वह उसका बिछड़ा हुआ चाचा है। 76 साल बाद परिवार को मिलाने वाली यह भावुक कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

Image

टूरिस्ट स्पॉट पर मिला बिछड़ा चाचा (सांकेतिक तस्वीर, AI Generated Image)

कहते हैं कि दुनिया बहुत छोटी है और कभी-कभी किस्मत ऐसे संयोग बना देती है, जिन पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। चीन से सामने आई एक ऐसी ही कहानी इन दिनों सोशल मीडिया (Social Media) पर खूब चर्चा में है। यहां एक युवक ने एक अनजान टूरिस्ट की फोटो खींची और उसके साथ एक सेल्फी भी ली। कुछ देर बाद बातचीत में ऐसा सच सामने आया कि दोनों हैरान रह गए। वह टूरिस्ट कोई अजनबी नहीं, बल्कि युवक का बिछड़ा हुआ चाचा निकला।

सिर्फ एक सेल्फी ने जोड़ दिया बिछड़ा परिवार

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, यह कहानी शंघाई में रहने वाले चेन जी की है। जुलाई की शुरुआत में वह काम के सिलसिले में युन्नान प्रांत गए थे। काम खत्म होने के बाद उन्होंने मशहूर लुगू लेक घूमने का फैसला किया। 9 जुलाई की सुबह वह झील के किनारे सनराइज का सुंदर नजारा देख रहे थे। उसी समय एक उम्रदराज टूरिस्ट ने उनसे अपनी फोटो खींचने के लिए पूछा। चेन ने खुशी-खुशी उनकी कई तस्वीरें खींचीं। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। टूरिस्ट ने बताया कि वह ताइवान के काओशुंग शहर से हैं, लेकिन उनके पूर्वजों का घर चीन के झेजियांग प्रांत के पुयुआन कस्बे में था।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

ऐसे सामने आई सच्चाई

यह बात सुनते ही चेन को हैरानी हुई, क्योंकि उनका पैतृक गांव भी पुयुआन ही था। दोनों ने साथ में एक सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे से जुड़ गए। बाद में बातचीत के दौरान चेन को टूरिस्ट का उपनाम पता चला। उन्हें कुछ शक हुआ, इसलिए उन्होंने सारी जानकारी अपने पिता को भेज दी। चेन के पिता ने पूछा कि क्या उस व्यक्ति के पिता का नाम फेई युनफेंग था। जब यह सवाल टूरिस्ट से पूछा गया तो जवाब 'हां' में मिला।

एक ही परिवार का निकला टूरिस्ट

इसके बाद परिवार से जुड़ी दूसरी जानकारियों का मिलान किया गया और सच सामने आ गया। पता चला कि फेई के पिता और चेन के दादा सगे भाई थे। यानी जिस व्यक्ति की चेन ने फोटो खींची थी, वह रिश्ते में उनके चाचा निकले। दरअसल, साल 1949 में चीन के राजनीतिक बदलाव के दौरान परिवार अलग हो गया था। एक हिस्सा ताइवान चला गया, जबकि दूसरा चीन में ही रह गया। समय के साथ दोनों परिवारों का संपर्क पूरी तरह टूट गया। अब कई दशकों बाद किस्मत ने दोनों परिवारों को फिर से मिला दिया। फेई ने कहा कि वहां बहुत से लोग मौजूद थे, लेकिन उन्होंने फोटो खींचने के लिए चेन को ही चुना। शायद यह मुलाकात पहले से तय थी। वहीं चेन का कहना है कि अब दोनों परिवारों के रिश्ते को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उनकी पीढ़ी की है। फिलहाल बिछड़े परिवार की यह स्टोरी इन दिनों खूब वायरल (Viral) हो रही है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article