समंदर की दुनिया जितनी खूबसूरत है, उतनी ही रहस्यमयी भी है। यहां रहने वाले कई जीव अपने अनोखे व्यवहार से वैज्ञानिकों को भी हैरान कर देते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर किलर व्हेल यानी ओर्का का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने रिसर्चर्स को भी हैरान कर दिया।
विशाल मछली को ओर्का व्हेल ने बनाया अपना निशाना
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि कुछ ओर्का व्हेल एक विशाल सनफिश के आसपास दिखाई देती हैं। बताया गया है कि यह सनफिश करीब 2000 किलो तक वजनी थी। अचानक एक बड़ी ओर्का तेज रफ्तार से आती है और अपने सिर से इतनी जोरदार टक्कर मारती है कि मछली का शरीर कई टुकड़ों में बिखर जाता है। समंदर में यह नजारा देखकर वैज्ञानिक भी हैरान रह गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
ऐसा क्यों करती हैं ओर्का फिश, वैज्ञानिकों ने बताया
रिसर्च के मुताबिक, यह घटना कैलिफोर्निया की खाड़ी के पास देखी गई थी। वैज्ञानिकों ने इस तरीके को 'रैम टू फ्रैगमेंट' नाम दिया है। इसका मतलब है टक्कर मारकर बड़े शिकार को छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटना। सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिस सनफिश को टक्कर मारी गई, वह पहले से ही मरी हुई थी। माना जा रहा है कि बड़े ओर्का उसके शरीर को छोटे हिस्सों में बांट रहे थे ताकि उनके झुंड के बाकी सदस्य, खासकर छोटे बच्चे, आसानी से उसे खा सकें।
इस तरह पूरे झुंड के लिए तैयार हो जाता है खाना
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि जैसे ही मछली के टुकड़े पानी में फैलते हैं, एक छोटा ओर्का वहां पहुंच जाता है और मांस के छोटे-छोटे हिस्से खाने लगता है। वहीं बड़े ओर्का बाकी बड़े हिस्से खाते हैं। इससे वैज्ञानिकों को लगता है कि यह शिकार की नई तकनीक नहीं, बल्कि अपने बच्चों के लिए भोजन तैयार करने का एक तरीका हो सकता है। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि ओर्का बेहद बुद्धिमान जीव हैं और कई बार अपने शिकार के साथ खेलते भी हैं। लेकिन इस घटना में ज्यादातर वैज्ञानिकों का कहना है कि यह खेल नहीं, बल्कि भोजन को छोटे हिस्सों में बांटने का एक तरीका है।
वैज्ञानिक कर रहे इस पर रिसर्च
वैज्ञानिकों ने यह भी संभावना जताई है कि सनफिश की त्वचा पर मौजूद कुछ खास पदार्थ या सूक्ष्म जीव भी ओर्का के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। हालांकि इस बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है और इस पर आगे रिसर्च जारी है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग समंदर के इस अनोखे और खौफनाक नजारे को देखकर हैरान हैं। वहीं वैज्ञानिक भी ओर्का के इस व्यवहार को समझने के लिए लगातार अध्ययन कर रहे हैं।
