Viral Video: दिवाली केवल भारत की सीमाओं तक सीमित त्योहार नहीं रह गया है, बल्कि इसकी रोशनी और मिठास अब पूरी दुनिया में फैल चुकी है। इस बार रोशनी के इस महापर्व की ऐसी ही एक अद्भुत और अलौकिक तस्वीर संयुक्त अरब अमीरात के शहर दुबई से सामने आई है, जिसने हर भारतीय का दिल जीत लिया है। दुनिया की सबसे ऊंची और बहुचर्चित इमारत 'बुर्ज खलीफा' दिवाली के पावन अवसर पर भव्य रोशनी से नहा उठी। सबसे खास बात यह रही कि इस विश्वप्रसिद्ध इमारत पर हिंदी और अंग्रेजी भाषा में दिवाली की शुभकामनाएं दी गईं।
दिवाली की रात जब बुर्ज खलीफा पर लाइट शो शुरू हुआ, तो इमारत की पूरी बाहरी सतह रंग-बिरंगी लाइटों और आतिशबाजी के दृश्यों से सज गई। इसी बीच बुर्ज खलीफा पर हिंदी में स्पष्ट रूप से 'हैप्पी दिवाली' और दीपावली की शुभकामनाओं का संदेश उभरा। भारत से हजारों किलोमीटर दूर अरब की धरती पर हिंदी भाषा में त्योहार का ऐसा सम्मान देखकर वहां मौजूद भारतीय पर्यटक और प्रवासी खुशी से झूम उठे। बुर्ज खलीफा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी इस अविश्वसनीय नजारे का वीडियो शेयर किया गया, जिसके बाद से यह इंटरनेट पर तेजी स वायरल हो रहा है। आखिर, किस तरह का नजारा था आप इस वीडियो में देखें...
दिल जीतने वाला नजारा
वीडियो देखकर आपका मन भी मंत्रमुग्ध हो गया होगा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर वीडियो को burjkhalifa के आधिकारिक अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। जबकि, दो लाख से ज्यादा लोगों ने वीडियो को पसंद किए हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर लोग जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि दुनिया की सबसे ऊंची इमारत पर अपनी मातृभाषा और त्योहार की झलक देखना हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। भारतीय यूजर्स ने दुबई प्रशासन और बुर्ज खलीफा की टीम का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने भारतीय संस्कृति को इतना सम्मान दिया। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
