नोएडा (Noida) में एक छोटी-सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। मामला थाना फेस-1 क्षेत्र के नया बांस गांव का है, जहां बर्थडे पार्टी के दौरान स्कूटी एक युवक के पैर से टच होने पर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना में 25 साल के अमित की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्कूटी टच होने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, अमित अपने दोस्तों शिवम, यशपाल, आकाश और विनोद के साथ नया बांस गांव के पास एक पार्क में मौजूद था। बताया जा रहा है कि वहां कुछ दूसरे युवक भी अपने एक दोस्त का जन्मदिन मना रहे थे। रात में जब अमित और उसके दोस्त स्कूटी से वहां से निकलने लगे, तभी स्कूटी वहां मौजूद एक युवक के पैर से टच हो गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामूली लग रहा यह विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: इराक के सबसे बड़े 'खोर मोर' गैस फील्ड पर बड़ा ड्रोन हमला
मारपीट में एक युवक की मौत, दोस्त अस्पताल में भर्ती
आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान 25 वर्षीय अमित के सिर में गंभीर चोट लग गई। वहीं, उसका दोस्त शिवम भी सिर में घायल हो गया। घटना के बाद अमित और शिवम को उनके दोस्त अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, शिवम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-1 पुलिस (Noida Police) मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अमित के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई हैं। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
