नौकरी करने वाले लोगों के लिए सालाना अप्रेजल का इंतजार काफी खास होता है। हर कर्मचारी चाहता है कि उसकी सैलरी में अच्छी बढ़ोतरी हो, लेकिन कई बार कंपनियां सिर्फ 4 से 5 फीसदी का इंक्रीमेंट देती हैं। ऐसे में लोग निराश हो जाते हैं। हालांकि, अगर आपको भी इस बार कम इंक्रीमेंट मिला है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप अपनी बढ़ी हुई सैलरी का छोटा हिस्सा निवेश करके लंबी अवधि में अच्छा फंड तैयार कर सकते हैं। इसके लिए म्यूचुअल फंड की SIP एक विकल्प हो सकती है।
छोटी सैलरी बढ़ोतरी से भी बन सकता है बड़ा फंड
मान लीजिए कि आपकी सैलरी में हर साल 4 से 5 फीसदी की बढ़ोतरी होती है। ऐसे में बढ़ी हुई रकम को पूरी तरह खर्च करने के बजाय उसका कुछ हिस्सा निवेश में लगा सकते हैं। उदाहरण के लिए दिल्ली के 21 वर्षीय विशाल की कहानी से इसे समझ सकते हैं। कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद विशाल ने एक मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में नौकरी शुरू की। उसकी शुरुआती सैलरी ज्यादा नहीं थी, लेकिन उसने कमाई का कुछ हिस्सा बचाने और निवेश करने की आदत डाल ली। पहली बार 4-5 फीसदी इंक्रीमेंट मिलने पर उसने बढ़ी हुई रकम को खर्च करने के बजाय म्यूचुअल फंड SIP में लगाना शुरू कर दिया। उसने तय किया कि हर साल सैलरी बढ़ने के साथ निवेश की रकम भी बढ़ाएगा।
1,000 रुपये की SIP से कैसे बढ़ेगा फंड?
मान लीजिए आप हर महीने 1,000 रुपये की SIP से निवेश शुरू करते हैं। इसके बाद हर साल अपनी मासिक SIP में 100 रुपये की बढ़ोतरी करते हैं। यानी पहले साल 1,000 रुपये, दूसरे साल 1,100 रुपये और तीसरे साल 1,200 रुपये निवेश करेंगे। इसी तरह हर साल निवेश की रकम बढ़ाते रहेंगे। इस तरीके को स्टेप-अप SIP कहा जाता है। अगर 15 साल तक यह निवेश जारी रखा जाए और सालाना औसतन 12 फीसदी रिटर्न मिले, तो कैलकुलेशन के मुताबिक करीब 7.06 लाख रुपये का फंड बन सकता है। इसमें आपका कुल निवेश 3.06 लाख रुपये होगा और बाकी रकम अनुमानित रिटर्न से बनेगी।
Fixed SIP और Step-Up SIP में क्या है अंतर?
फिक्स्ड SIP में आप हर महीने एक तय रकम निवेश करते हैं। उदाहरण के लिए 15 साल तक हर महीने 1,000 रुपये निवेश करने पर आपका कुल निवेश 1.80 लाख रुपये होगा। 12 फीसदी सालाना अनुमानित रिटर्न के हिसाब से करीब 5 लाख रुपये का फंड बन सकता है। वहीं, स्टेप-अप SIP में हर साल निवेश बढ़ाने से कुल निवेश और संभावित रिटर्न दोनों बढ़ सकते हैं।
अप्रेजल का पैसा निवेश में कैसे लगाएं?
अगर आपकी सैलरी बढ़ी है तो उसका कम से कम कुछ हिस्सा निवेश के लिए अलग रख सकते हैं। उदाहरण के लिए हर महीने 500 या 1,000 रुपये की अतिरिक्त SIP शुरू करें। इससे आपकी रोजमर्रा की जरूरतों पर ज्यादा असर भी नहीं पड़ेगा और निवेश की आदत भी मजबूत होगी। हालांकि, निवेश शुरू करने से पहले अपनी EMI, घरेलू खर्च और इमरजेंसी फंड का ध्यान जरूर रखें। म्यूचुअल फंड में रिटर्न की गारंटी नहीं होती। 12 फीसदी रिटर्न केवल उदाहरण है, वास्तविक रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।
