वायरल न्यूज़

बोटिंग करते लोगों पर गिरी विशाल चट्टान, कैमरे में कैद हुआ भयानक मौत का मंजर, हादसे का Video वायरल

वायरल न्यूज (Viral News): सोशल मीडिया पर आए दिन हमें कोई ना कोई हादसे का वीडियो देखने को मिल ही जाता है। हाल में जो वीडियो सर्कुलेट हो रहा है, उसे देखने के बाद लोगों की रूह कांप गई।

Image

बोटिंग कर रहे लोगों पर मौत बनकर गिरी चट्टान (Instagram/@trending_views_01)

किसी ने सही ही कहा है कि दो पल की जिंदगी का कोई भरोसा नहीं, कब क्या हो जाए, इसका अंदाजा लगाना बहुत मुश्किल होता है। कभी-कभी तो एक पल में जीवन ऐसे करवट लेता है कि आगले ही क्षण सबकुछ बदल सा गया होता है। कई बार खुशी भरा पल भी अचानक से गम में बदल जाते हैं। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाले हादसे का वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसे देख लोगों की रूह कांप गई।

खुशियों भरा पल मातम में बदल गया

इस हादसे के वीडियो (Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @trending_views_01 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो (Video) के कैप्शन में इस हादसे को लेकर थोड़ी सी जानकारी भी दी गई है। जहां बताया जा रहा है कि हादसे का यह वीडियो ब्राजील का है। हादसा तब हुआ जब यहां घूमने आए पर्यटक एक खूबसूरत घाटी में बोटिंग का आनंद ले रहे थे।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े:

बोटिंग कर रहे थे लोग, ऊपर से टूट पड़ी मौत की चट्टान

वायरल वीडियो (Viral Video) में आप देख सकते हैं कि लोग खुशनुमा मौसम में बोटिंग का आनंद ले रहे हैं। सभी अपने परिवार और दोस्तों के साथ बोटिंग में मस्त हैं। कोई बोटिंग के मजे ले रहा है तो कोई हर एक नजारे को अपने कैमरे में कैद कर रहा है। सबकुछ अच्छा चल रहा था, तभी अचानक से कुछ ऐसा हुआ, जिसकी किसी ने अपने सपने में भी कल्पना नहीं की थी। अचानक से जहां लोग बोटिंग कर रहे थे वहां घाटी की ऊंची चट्टानों में हलचल होने लगी और अगले ही पल घाटी में खड़े विशाल चट्टान का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। यह हादसा ऐसे पलक झपकते हुआ कि लोगों को कुछ समझने और बचने का मौका ही नहीं मिल पाया।

शांत घाटी बनी मौत का मैदान

देखते ही देखते भारी-भरकम चट्टान नीचे मौजूद बोट के ऊपर आ गिरी। चट्टान के पानी में नीचे गिरते ही पानी में बड़ी-बड़ी लहरें उठने लगीं और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और पूरा माहौल एक झटके में बदल गया। वायरल (Viral) हो रहे इस मौत के मंजर को वहां मौजूद दूसरे बोट पर सवार एक पर्यटक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो (Video) के कैप्शन में यह भी बताया जा रहा है कि इस दर्दनाक घटना में करीब 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। जिसके बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और उनका इलाज शुरू किया गया।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article