शहर

CM मोहन यादव ने निभाया वादा, हनुमान अंश के गायक सुनील लोधी की आंखों का शुरू करवाया इलाज

Sunil Lodhi Eyes Treatment: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सितंबर 2026 में हनुमान अंश फिल्म आने के बाद सुनील लोधी और उनके परिवार से मुलाकात की थी। तब उन्होंने उनकी आंखों के उपचार, संगीत शिक्षा और एक लाख की सम्मान निधि देने का भरोसा दिया था।

Image

CM मोहन यादव ने सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू करवाया (फोटो साभार- TNN/@DrMohanYadav51)

Sunil Lodhi Eyes Treatment: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपना निभाया वादा पूरा कर दिया है। उन्होंने 'हनुमान अंश' फिल्म के बुंदेली गायक सुनील लोधी के आंखों का उपचार शुरू करवा दिया है। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सितंबर 2026 में हनुमान अंश फिल्म आने के बाद सुनील लोधी और उनके परिवार से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने उनकी आंखों के उपचार, संगीत शिक्षा और एक लाख की सम्मान निधि देने का भरोसा दिया था। अब उस वादे को निभाते हुए मुख्यमंत्री ने गायक सुनील के आंखों के उपचार की प्रक्रिया शुरू करा दी है।

गायकी से जीता लोगों का दिल

गौरतलब है कि सुनील लोधी सागर के युवा बुंदेली गायक हैं। खुशी की बात यह है कि जिस आवाज ने लाखों दिलों को छुआ, अब उसकी आंखों में रोशनी लौटने की उम्मीद जगी है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपना वादा निभाते हुए सुनील के बेहतर भविष्य की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है।सुनील की आवाज ने अपनी गायकी से लाखों लोगों का दिल जीता है। अब उनके आंखों के उपचार की शुरुआत उनके जीवन में नई उम्मीद लेकर आई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इस पहल से न केवल एक प्रतिभाशाली कलाकार को संबल मिला है, बल्कि यह भी संदेश गया है कि सरकार प्रतिभाओं के संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

हनुमान अंश फिल्म में वायरल हुआ सुनील का गाना

हनुमान अंश बुंदेली भाषा में बनी एक धार्मिक-सामाजिक फिल्म है, जो भगवान हनुमान की भक्ति और बुंदेलखंड की माटी की कहानी को दिखाती है। इस फिल्म में सुनील लोधी ने अपनी दमदार और भावपूर्ण आवाज में भजन और गीत गाए थे। सुनील जन्म से ही दृष्टिहीन हैं, लेकिन उनकी आवाज में ऐसी मिठास और दर्द था कि लोगों ने उसे खूब पसंद किया। फिल्म का गाना सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। रील्स, यूट्यूब और व्हाट्सऐप पर लाखों लोगों ने इसे सुना और शेयर किया। रातोंरात सुनील बुंदेलखंड के स्टार बन गए। उनकी आवाज सुनकर ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनसे मुलाकात की थी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article