बिजनेस

FD पर बुजुर्गों को मिल रहा 7.65% तक ब्याज, PNB और Canara Bank ने बदली दरें

Bank FD Rates: अगर आप भी एफडी में निवेश करना चाह रहे हैं तो आपको टॉप बैंकों के एफडी रेट्स चेक करने चाहिए। कई बैंकों ने नवंबर में एफडी रेट्स में बदलाव किया है।

Image

बुजुर्गों को एफडी पर मिल रहा तगड़ा ब्याज (AI Generated Image)

Bank FD Rates: अगर आप फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश करने की योजना बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। दरअसल, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और केनरा बैंक ने नवंबर में अपनी एफडी की ब्याज दरों में बदलाव किया है। वहीं, एक्सिस बैंक ने 3 नवंबर से 3 करोड़ रुपये या उससे अधिक की बल्क एफडी पर नई दरें लागू की हैं। इसके अलावा बैंक ऑफ इंडिया और ICICI बैंक भी अलग-अलग अवधि की एफडी पर आकर्षक ब्याज दे रहे हैं। ऐसे में आप सभी बैंकों के लेटेस्ट एफडी रेट्स चेक कर एफडी ओपन करवा सकते हैं-

Canara Bank की 555 दिन की FD पर सबसे ज्यादा ब्याज

केनरा बैंक अपनी 555 दिन की स्पेशल एफडी स्कीम पर सामान्य नागरिकों को 6.75 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 7.25 प्रतिशत ब्याज दे रहा है। वहीं, 444 दिन की एफडी पर सामान्य नागरिकों को 6.65 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 7.15 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।

PNB की 444 दिन की FD पर मिलेगा 7.10% ब्याज

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की 444 दिन की स्पेशल एफडी पर सामान्य ग्राहकों को अधिकतम 6.60 प्रतिशत, सीनियर सिटीजन को 7.10 प्रतिशत और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.40 प्रतिशत ब्याज मिल रहा है। 666 दिन की एफडी पर ये दरें क्रमशः 6.50 प्रतिशत, 7 प्रतिशत और 7.30 प्रतिशत हैं। वहीं, तीन साल से अधिक और 1,203 दिन तक की अवधि वाली एफडी पर सामान्य नागरिकों को 6.35 प्रतिशत, सीनियर सिटिजन को 6.85 प्रतिशत और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.15 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है। बैंक की सामान्य एफडी पर ब्याज दरें 3 प्रतिशत से 6.60 प्रतिशत तक हैं।

Bank of India और ICICI Bank की FD दरें

बैंक ऑफ इंडिया ने BOI अक्षय एफडी स्कीम (BOI Akshay Fixed Deposit) शुरू की है। इसमें 3 करोड़ रुपये से कम की जमा पर सामान्य ग्राहकों को 6.85 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। 60 से 80 साल से कम उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को 7.35 प्रतिशत और 80 साल या उससे अधिक उम्र के सुपर सीनियर नागरिकों को 7.50 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है। वहीं, 500 दिनों की नॉन-कॉलेबल कैटेगरी में 3 करोड़ रुपये से कम की जमा राशि पर सुपर सीनियर सिटीजन को अधिकतम 7.65 प्रतिशत , सीनियर सिटीजन को 7.50 प्रतिशत और अन्य ग्राहकों को 7.00 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जा रहा है।

दूसरी ओर, ICICI बैंक सामान्य ग्राहकों को 2.75 से 6.60 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 3.25 से 7.20 प्रतिशत तक ब्याज दे रहा है। हालांकि, एफडी करवाने से पहले केवल ब्याज दर ही नहीं, बल्कि निवेश की अवधि, समय से पहले पैसा निकालने की शर्तें और अन्य नियम की भी जांच करें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article