Viral Video: दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर बाइक पर खड़े होकर स्टंट करते एक व्यक्ति का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में आप एक्सप्रेसवे पर वाहनों के बीच में स्टंट करते शख्स को गिरते हुए भी देख पाएंगे जिसके गिरते ही उसकी बाइक एक अन्य वाहन से टकरा गई। दरअसल, बाइक पर बैठने की कोशिश करते समय वह अपना संतुलन खो देता है और गिर जाता है। पुलिस ने बताया कि गिरने के बाद भी बाइक चलती रहती है और आगे चल रही एक कार से टकरा जाती है। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया, 'वायरल वीडियो के संबंध में जांच चल रही है। पुलिस की सोशल मीडिया टीम वीडियो की जांच कर रही है। युवक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।'
इस वीडियो को सोशल मीडिया मंच एक्स पर @shivam_kush0001 द्वारा शेयर किया गया है। वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया- 'गुरुग्राम में एक बाइक सवार ने दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर चलती बाइक पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट करने की कोशिश की। दुर्भाग्य से, वह संतुलन खो बैठा और गिर गया। चौंकाने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हमेशा याद रखें, सुरक्षा सबसे पहले!' इस खतरनाक वीडियो को सोशल मीडिया पर अब तक कई लोगों ने देखा है और स्टंट पर शख्स की आलोचना की है।
गौरतलब है कि, यह पहली बार नहीं है जब ऐसी किसी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, बल्कि, इससे पहले भी कई बार ऐसे वीडियो सामने आ चुके हैं, इनके वायरल होने पर पुलिस द्वारा कई बार अभियान भ्सी चलाए जाते हैं जिसमें सड़क सुरक्षा से जुड़ी बातों का उल्लेख होता है। मगर, लोगों द्वारा धड़ल्ले से ऐसे स्टंट्स को अंजाम दिया जा रहा है।
(PTI)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। वायरल (Viral News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।