देश

गुजरात: शराब तस्करों के मंसूबों पर फिरा पानी, थराद पुलिस ने पकड़ी Rs 2.88 करोड़ की विदेशी शराब, 90 हजार से ज्यादा बोतलें जब्त

गुजरात में शराबबंदी लागू होने के कारण राज्य में शराब की तस्करी और अवैध परिवहन पर पुलिस की नजर रहती है। इसी बीच थराद पुलिस की यह कार्रवाई इसलिए अहम है क्योंकि एक ही ट्रेलर से इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई है।

Image

गुजरात में विदेशी शराब जब्त।

Gujarat News: शराबबंदी वाले गुजरात में थराद पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी शराब जब्ती में से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वाव-थराद जिले में पुलिस ने एक ट्रेलर के कंटेनर से भारतीय निर्मित विदेशी शराब की 90,444 बोतलें बरामद की हैं। जब्त शराब की कीमत 2.88 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि ट्रेलर और अन्य सामान समेत कुल जब्त माल की कीमत 3.28 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई को वाव-थराद जिले के इतिहास में शराब की सबसे बड़ी जब्ती बताया है।

गुजरात में शराबबंदी लागू होने के कारण राज्य में शराब की तस्करी और अवैध परिवहन पर पुलिस की नजर रहती है। इसी बीच थराद पुलिस की यह कार्रवाई इसलिए अहम है क्योंकि एक ही ट्रेलर से इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई है।

अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर जांच के दौरान पकड़ा गया ट्रेलर

पुलिस महानिरीक्षक परीक्षिता राठौड़, वाव-थराद जिला पुलिस अधीक्षक चिंतन तेरैया और थराद विभाग के पुलिस उपाधीक्षक एस.एम. वारोतारिया के मार्गदर्शन में अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए थे। थराद पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक ए.जी. रबारी की निगरानी में पुलिस टीम खोड़ा चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पंजाब नंबर के ट्रेलर PB-10-JH-8951 को रोककर उसके कंटेनर की तलाशी ली गई। कंटेनर से बिना पास परमिट के भारतीय निर्मित विदेशी शराब की 90,444 बोतलें बरामद हुईं।

शराब के साथ 40 लाख रुपये का अन्य सामान भी जब्त हुए हैं। पुलिस ने शराब के अलावा तीन मोबाइल फोन, नौ दस्तावेज, भूसे की 10 बोरियां, दो मेटिया, दो तौलिया शीट और ट्रेलर-कंटेनर जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, जब्त सामान और उनकी कीमत का विवरण इस प्रकार है-

  • भारतीय निर्मित विदेशी शराब की 90,444 बोतलें: 2,88,45,352 रुपये
  • तीन मोबाइल फोन: 1,91,000 रुपये
  • नौ दस्तावेज: 3,00,000 रुपये
  • भूसे की 10 बोरियां: 3,00,000 रुपये
  • दो मेटिया: 1,00,000 रुपये
  • दो तौलिया शीट: 3,00,000 रुपये
  • ट्रेलर और कंटेनर: 30,00,000 रुपये

इस तरह कुल जब्त माल की कीमत 3,28,75,375 रुपये बताई गई है।

ऑपरेशन के बारे में SP ने क्या बताया

ऑपरेशन के बारे में बात करते हुए वाव-थराद के SP IPS चिंतन तरैया ने टाइम्स नाउ नवभारत को बताया कि, 'पुलिस को सूचना मिली थी कि पंजाब से एक कंटेनर बॉर्डर के नजदीक से गुजरने वाला है। इसके बाद चेकपोस्ट पर पुलिस की टीम तैनात की गई। सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर कंटेनर की जांच की गई। शुरुआत में कंटेनर के अंदर राइस जैसा ढांचा बनाया हुआ मिला, जिससे पुलिस को शक हुआ। जब अंदर गहराई से जांच की गई, तो बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।' SP के मुताबिक, यह एक बड़ा ऑपरेशन था, जिसमें भारी मात्रा में शराब जब्त की गई है। इस मामले में पकड़े गए लोगों में एक नाबालिग है, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।'

पंजाब का ड्राइवर गिरफ्तार, किशोर खलासी भी पकड़ा गया

पुलिस ने इस मामले में पंजाब के भरताला जिले के तपामंडी क्षेत्र के आनंदपुर खस्ती निवासी 33 वर्षीय जगतार सिंह नठ सिंह शेखावत को पकड़ा है। वह पेशे से ड्राइवर है। ट्रेलर में मौजूद एक किशोर, जो खलासी के रूप में काम कर रहा था, उसे भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने उसे कानून के संघर्ष में आया किशोर बताया है। वाव-थराद जिला पुलिस के मुताबिक, जिले में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में भारतीय निर्मित विदेशी शराब और तीन करोड़ रुपये से अधिक का माल जब्त किया गया है। गुजरात जैसे ड्राई स्टेट में यह कार्रवाई अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article