वायरल न्यूज़

Viral Video: CM साहब दे रहे थे भाषण, तभी स्टेज पर आ गया उनका नन्हा बेटा, फिर जो हुआ उसने लूट ली महफिल

Viral Video: मेघालय के मुख्यमंत्री एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान अपने छोटे बेटे विलियम के साथ मंच पर नजर आए। मंच पर उनके बेटे ने जिस तरह का माहौल बनाया उसने लोगों का दिल जीत लिया। आलम ये है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।

Image

सीएम के बेटे ने लूट ली महफिल (तस्वीर साभार- @conrad_k_sangma)

Viral Video: राजनीति के मंच अक्सर गंभीर भाषणों, सरकारी योजनाओं और सियासी दांव-पेच के लिए जाने जाते हैं। लेकिन, कभी-कभी इन्हीं गंभीर कार्यक्रमों के बीच कुछ ऐसे पल कैमरे में कैद हो जाते हैं, जो हर किसी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर देते हैं। ऐसा ही एक बेहद प्यारा और दिल छू लेने वाला नजारा मेघालय के तुरा में देखने को मिला, जहां राज्य के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा के सरकारी कार्यक्रम में उनके सबसे छोटे बेटे विलियम पट्टियन ए. संगमा ने अपनी मासूमियत से पूरी महफिल लूट ली।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो 'मुख्यमंत्री विशेष विकास निधि' और भूमि दस्तावेज वितरण कार्यक्रम के दौरान का है। वीडियो की शुरुआत में सीएम कॉनराड संगमा मंच पर खड़े होकर लाभार्थियों को सरकारी दस्तावेज सौंपते नजर आ रहे हैं। ठीक उनके बगल में पीली टी-शर्ट, पीले शॉर्ट्स और सफेद क्रॉक्स पहने उनका नन्हा बेटा विलियम खड़ा है। जैसे ही कैमरे का फोकस उन पर जाता है, नन्हा विलियम किसी मंझे हुए नेता की तरह कैमरे और सामने बैठी भीड़ की ओर देखकर हाथ हिलाता है और ताली बजाने लगता है। उसकी यह मासूम अदा देखकर वहां मौजूद अधिकारी और लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाते। वीडियो के अगले हिस्से में नजारा और भी मजेदार हो जाता है। सीएम कॉनराड संगमा अपने बेटे विलियम को प्यार से गोद में उठाकर माइक के पास आते हैं। माइक देखते ही नन्हा विलियम बेहद क्यूट अंदाज में कहता है- बाय... बाय मम्मी। बेटे की यह बात सुनकर खुद मुख्यमंत्री संगमा और मंच पर पीछे खड़े सुरक्षाकर्मी व नेता खिलखिलाकर हंस पड़ते हैं। इसके बाद सीएम बड़े ही सहज अंदाज में बेटे को गोद में लिए-लिए मंच के किनारे की तरफ जाते हैं, वहां मौजूद स्टाफ को इशारे से बुलाकर बेटे को सुरक्षित उनके पास सौंपते हैं और फिर मुस्कुराते हुए वापस माइक पर आकर 'वेरी गुड मॉर्निंग' के साथ अपना औपचारिक भाषण शुरू करते हैं। देखें वीडियो...

दिल जीतने वाला नजारा

वीडियो देखकर आपके चेहरे पर भी मुस्कान आ गई होगी। इतना ही नहीं इस क्यूट वीडियो ने आपका दिल भी जीत लिया होगा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर खुद सीएम ने conrad_k_sangma नाम के पेज से इस वीडियो को शेयर किया गया है। जिसे लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। जबकि, हजारों लोगों ने इस वीडियो को पसंद किए हैं। वहीं, वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने मजे लेते हुए लिखा कि यह तो एकदम अपने बच्चे को काम पर ले जाने का दिन वाला परफेक्ट सीन है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि पद चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, एक पिता के लिए उसका बच्चा ही सबसे पहले आता है। सीएम साहब ने जिस तरह बेटे को संभाला, वह काबिले तारीफ है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article