पूरा देश नवरात्र का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मना रहा है। नवरात्र में मां दुर्गा की 9 दिनों तक उनके भक्त उनकी अराधना करते हैं। देवी मां को प्रसन्न करने के लिए कई भक्त अपनी भक्ति की पराकाष्ठा को भी पार कर देते हैं। जहां कोई 9 दिनों तक अपने पेट पर कलश रखकर लेटता है तो कोई मां की अराधना में 9 दिनों तक अन्न त्याग कर सिर्फ पानी पर जीवित रहता है। कुछ ऐसी ही देवी मां की भक्ति सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखने को मिली, जहां कुछ लड़के देवी मां की मूर्ति बनकर खड़े हो गए। वीडियो में लड़कों का कहना है कि वे ऐसे ही मूर्ति बनकर 9 दिनों तक खड़े रहेंगे।
मां दुर्गा की मूरत बन खड़े हुए लड़के
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि गांव के कुछ लड़के बिना किसी पंडाल के खुले में ही देवी मां की मूर्ति बनकर खड़े हैं। सभी लड़कों ने अपने शरीर पर मिट्टी लपेटाी हुई है। उनमें से एक लड़का देवी मां की मूरत बनकर खड़ा है तो एक लड़का उनकी सवारी शेर बना हुआ है। वहीं, एक लड़का महिषासुर राक्षस भी बना हुआ है, जबकि कुछ लड़के मां दुर्गा के भक्त और पुजारी बने हुए हैं।
9 दिनों तक ऐसे ही मूर्ति बने रहेंगे लड़के
वीडियो में एक शख्स लड़कों की इस खूबसूरत कलाकारी को अपने शब्दों में बयां कर रहा है। इसी दौरान वह महिषासुर बने राक्षस के पास जाता है और उससे पूछता है कि क्या बने हैं आप? लड़के का जवाब आता है कि वह महिषासुर बना हुआ है। फिर वह पूछता है कि इस तरह से आपको महिषासुर बनकर कब तक रहना है? लड़का जवाब देता है कि इस तरह से उसे पूरे नवरात्र तक रहना है।
वीडियो देख सवालों से भर गया लोगों का दिमाग
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @adityaseries01 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "नवरात्रि में बिहार के लड़कों की खूबसूरत कलाकारी।" वीडियो पर बड़ी संख्या में लोगों के कमेंट्स भी आए हैं। जहां कई लोगों ने वीडियो पर हैरानी जताते हुए कई तरह के सवाल पूछे। जैसे एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए पूछा कि, "क्या ये सचमुच ऐसा हो रहा है या फिर सिर्फ वीडियो बनाने के लिए लड़के मूर्ति बनकर खड़े हो गए हैं?" दूसरे ने पूछा, "ये लोग खाना-पीना और टॉयलेट कैसे करते हैं?" तीसरे ने पूछा, "शेर बना ये लड़का क्या खाता है?"
