Viral Video: अगर आप सुबह-सुबह किसी पार्क में टहलने जाएं और अचानक आपके सामने 20 फीट लंबा अजगर आ जाए, तो शायद आपके कदम वहीं रुक जाएं। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला नजारा हैदराबाद के KBR नेशनल पार्क में देखने को मिला, जिसका वीडियो (Video) अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हैदराबाद के पार्क में दिखा 20 फीट लंबा अजगर
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित KBR नेशनल पार्क में एक विशाल अजगर दिखाई दिया। उस समय पार्क में कई लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। तभी लोगों की नजर करीब 20 फीट लंबे अजगर पर पड़ी, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि अजगर बेहद आराम से पार्क के वॉकिंग ट्रैक को पार कर रहा है। वह किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं था और धीरे-धीरे आगे बढ़ता रहा। उसका आकार इतना बड़ा था कि उसे सड़क पार करने में भी कई मिनट लग गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
लोग दूर खड़े होकर बनाते रहे VIDEO
इस दौरान पार्क में मौजूद लोग सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े रहे और अपने मोबाइल फोन से इस दुर्लभ नजारे का वीडियो रिकॉर्ड करने लगे। हालांकि, अजगर ने किसी पर हमला नहीं किया और न ही किसी तरह का आक्रामक व्यवहार दिखाया। वह शांति से अपना रास्ता तय करता हुआ जंगल की ओर बढ़ गया। इसी वजह से पार्क में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि यह इस बात का सबूत है कि शहर के बीच मौजूद KBR नेशनल पार्क आज भी वन्यजीवों का सुरक्षित घर बना हुआ है। वहीं कुछ यूजर्स ने लोगों से अपील की कि ऐसे जानवर दिखने पर उनके पास जाने या उन्हें परेशान करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट्स भी कहते हैं कि अजगर आमतौर पर इंसानों से दूर रहना पसंद करते हैं। अगर उन्हें छेड़ा न जाए, तो वे किसी को नुकसान नहीं पहुंचाते इसलिए ऐसे हालात में घबराने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखना और वन विभाग को सूचना देना सबसे सही कदम होता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
