होशियारों की भी अम्मा निकलीं ये गौ माता, शरीर खुजलाने के लिए करती हैं झाड़ू का इस्तेमाल
- Authored by: Pankaj Yadav
- Updated Feb 8, 2026, 10:27 PM IST
सोशल मीडिया के लगभग सभी प्लेटफॉर्म यूट्यूब, इंस्टाग्राम, टिकटॉक, फेसबुक और एक्स पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक गाय अपनी पीठ को खुजलाने के लिए झाड़ू का इस्तेमाल कर रही है। वीडियो को देखने के बाद लोग इस गाय को "जीनियस काउ" और "स्मार्टेस्ट काउ इन द वर्ल्ड" कहकर वीडियो शेयर कर रहे हैं। कुछ यूजर्स तो मजाक में कह रहे हैं कि "इस गाय को नौकरी दे दो, झाड़ू लगाने आएगी।"
झाड़ू से अपना शरीर खुद से खुजलाते हुए गाय (Instagram/@knowledgegarage)
धरती पर सबसे बुद्धिमान प्राणी मनुष्यों को ही माना जाता रहा है, लेकिन कुछ जानवर ऐसे भी हैं जो अपनी बुद्धिमानी से पूरी दुनिया को चौंका देते हैं। अब आप इस गाय माता को ही देख लीजिए, जो इतनी बुद्धिमान हैं कि अब इनके चर्चे पूरे विश्व में हो रहे हैं। इनकी इंटेलिजेंस को देख दुनिया भर के वैज्ञानिक भी हैरान और नि:शब्द हैं।
ऑस्ट्रिया की पहाड़ियों में रहती है यह गाय
अपनी बुद्धिमत्ता से सबको चौंकाने वाली इस गाय का नाम वेरोनिका है, और ये अभी 13 साल की है। वेरोनिका ऑस्ट्रिया की पहाड़ियों में रहने वाली स्विस ब्राउन नस्ल (Swiss Brown cow) की गाय है। अब बात कर लेते हैं इस गाय की बुद्धि की। दरअसल, यह गाय तब चर्चा में आई जब इसे अपने शरीर को खुजलाने के लिए एक झाड़ू को किसी औजार की तरह इस्तेमाल करते देखा गया, जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है।
शरीर को खुजलाने के लिए करती है झाड़ू का इस्तेमाल
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि वेरोनिका अपनी लंबी जीभ से झाड़ू के हैंडल को पकड़ती है और उसे अपने मुंह में दबा लेती है, फिर वह अपने सिर को घुमाकर झाड़ू के ब्रिसल्स (बालों वाली साइड) से अपनी पीठ को खुजलाती है। अगर उसे अपने पेट या फिर कोई मुलायम अंग को खुजलाना हो तो वह झाड़ू को पलटकर हैंडल के चिकने सिरे का इस्तेमाल करती है।
गाय की स्मार्टनेस देख वैज्ञानिक भी रह गए दंग
वेरोनिका के मालिक उसे ऐसा करते सालों से देख रहे हैं, लेकिन जब वेरोनिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो वियना की यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसिन के रिसर्चर्स का भी ध्यान गया। करंट बायोलॉजी जर्नल में पब्लिश एक स्टडी में बताया गया है कि वेरोनिका ने बिना किसी ट्रेनिंग के यह स्किल खुद से ही सीखा है। रिसर्चर्स ने वेरोनिका पर 70 से ज्यादा ट्रायल्स किए, जहां उन्होंने उसे झाड़ू और कई अन्य ऑब्जेक्ट्स दिए। हर बार वेरोनिका ने सही साइड चुनकर उससे अपने शरीर को खुजलाने के लिए इस्तेमाल किया: पीठ के लिए ब्रिसल्स और नरम हिस्सों के लिए हैंडल।
वैज्ञानिकों ने बताया इस अहम रिसर्च
वैज्ञानिकों के लिए यह खोज इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अब तक गायों को कम बुद्धिमान माना जाता था। वैज्ञानिकों का कहना है कि वेरोनिका की ये स्किल यह साबित करती है कि गायों में भी समस्या-समाधान की क्षमता (problem-solving ability) और संज्ञानात्मक कौशल (cognitive skills) हो सकते हैं, जो पहले सिर्फ चिंपैंजी, हाथी या कौवे जैसे जानवरों और पक्षियों में देखे गए थे।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल (Viral News in Hindi) ट्रेंडिंग और अजब-गजब (Ajab Gajab News) की लेटेस्ट न्यूज और हिन्दी में पढ़ें और Times Now Navbharat Live TV पर देखें। देश-दुनिया की हर ट्रेंडिंग वीडियो (Viral Video) वायरल, शॉकिंग और अनोखी खबरें पढ़ने के लिए जुड़ें रहें Times Now Navbharat के साथ।
