देश

एथेनॉल मिश्रण पर BJP ने कांग्रेस को घेरा, जोशी बोले- 'राहुल को खुश' करने की कोशिश कर रही विपक्षी पार्टी

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा, 'अगर कांग्रेस यह मुद्दा राहुल गांधी को खुश करने के लिए उठा रही है, तो वह एक अलग तरह की तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। एक ओर वे अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों के प्रति तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं

Image

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी।

Photo : PTI

Ethanol Blending : केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस पर पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण बढ़ाने के मुद्दे को उठाकर पार्टी नेता राहुल गांधी को 'खुश करने’ की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कर्नाटक सरकार की जांच प्रक्रिया में खामियां होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर पहले ही स्पष्टीकरण दे चुकी है, इसके बावजूद कांग्रेस की सरकार बेबुनियाद दावे कर रही है।

राहुल को खुश करने के लिए कांग्रेस उठा रही यह मुद्दा

जोशी ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा, 'अगर कांग्रेस यह मुद्दा राहुल गांधी को खुश करने के लिए उठा रही है, तो वह एक अलग तरह की तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। एक ओर वे अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों के प्रति तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं और दूसरी ओर राहुल गांधी को खुश करने में लगे हैं। वे उनके समर्थन में सामने आते हैं और कुछ भी कह देते हैं। जनता यह सब समझती है।’

कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता कम करना है

एथेनॉल मिश्रण के आर्थिक पहलुओं को समझाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य किसानों को लाभ पहुंचाना और आयातित कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता कम करना है। उन्होंने कहा, 'कच्चा तेल आज बहुत महंगा है। हमारे पेट्रोल का आधार मूल्य 53 रुपये है, जबकि मक्के से बने एथेनॉल की कीमत 57 से 71 रुपये के बीच है। ऐसे में इसका कोई व्यावसायिक औचित्य भी नहीं है।’उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को लाभ पहुंचाने और देश को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा दिया है।

अरशद ने केंद्रीय मंत्री पर किया पलटवार

इस बीच, कर्नाटक के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद ने केंद्रीय मंत्री जोशी पर पलटवार करते हुए कहा कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी उनके पास नहीं होने के बावजूद उन्होंने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की ओर से जवाब दिया है। इस मंत्रालय के पास ही एथेनॉल मिश्रण से जुड़ा मुद्दा है। जोशी केंद्रीय शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री हैं।

अरशद ने जोशी पर तंज भी कसा। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में सुझाव दिया कि हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे के बाद जोशी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय का प्रभार भी संभाल सकते हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!