क्रिकेट

'चुप हो जा, तू P**i,' उस्मान ख्वाजा ने नस्लीय दुर्व्यवहार पर किया चौंकाने वाला खुलासा, लपेटे में MCC

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आरोप लगाया है कि 2023 एशेज सीरीज के दौरान इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो के विवादास्पद तरीके से आउट होने के बाद, लॉर्ड्स के 'लॉन्ग रूम' में मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के एक सदस्य ने उनके साथ नस्लीय दुर्व्यवहार किया।

Image

उस्मान ख्वाजा ने किया नस्लीय दुर्व्यवहार पर बड़ा खुलासा। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आरोप लगाया है कि 2023 एशेज सीरीज के दौरान इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो के विवादास्पद तरीके से आउट होने के बाद, लॉर्ड्स के 'लॉन्ग रूम' में मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के एक सदस्य ने उनके साथ नस्लीय दुर्व्यवहार किया। अपनी आत्मकथा 'सब्र' (Sabr) में, ख्वाजा ने दावा किया कि दूसरे टेस्ट के पांचवें दिन लंच ब्रेक के दौरान, जब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी दर्शकों की हूटिंग और अपशब्दों के बीच पवेलियन लौट रहे थे। तब MCC के एक सदस्य ने उन पर निस्लीय टिप्पणी की थी।

क्रिकइन्फो के अनुसार, मैच के दौरान स्काई स्पोर्ट्स द्वारा दिखाए गए फुटेज में ख्वाजा को एक MCC सदस्य का सामना करने के लिए रुकते हुए देखा गया। जब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी 'लॉन्ग रूम' से होकर गुजर रहे थे। 'अवे ड्रेसिंग रूम' की ओर जाने से पहले उन्हें एक अन्य सदस्य के बारे में वहां मौजूद कर्मचारियों (स्टुअर्ड्स) को सतर्क करते हुए भी देखा गया।

अपनी किताब में किए कई दावे

अपनी किताब में इस घटना का जिक्र करते हुए ख्वाजा ने आरोप लगाया कि इन सदस्यों ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने एक सदस्य का सामना किया। तभी उन्होंने एक और सदस्य को अपने खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करते हुए सुना, जिससे उनका आपा खो गया।

'कुत्तों का कोई झुंड'

उन्होंने कहा, यह ऐसा था जैसे कुत्तों का कोई झुंड अपने अगले शिकार पर झपटने वाला हो। वे सब मिलकर गालियां दे रहे थे, हमें तरह-तरह के अपशब्द कह रहे थे। मुझे यकीन ही नहीं हुआ कि मैं क्या सुन रहा हूं। पहले तो मैं बस हंस पड़ा, क्योंकि मैं पूरी तरह हैरान था। क्या यह सच में 'लॉन्ग रूम' था? दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित और सम्मानित क्रिकेट क्लब का हिस्सा, जहां वेटिंग लिस्ट 30 साल से भी ज्यादा लंबी है? या फिर हम 'हॉलीज' (एजबेस्टन का वह स्टैंड जो अपनी शोर-शराबे वाली पार्टियों के लिए बदनाम है) में आ गए हैं?

'मैंने अपना आपा खो दिया'

ख्वाजा ने आगे कहा, हम आगे बढ़ ही रहे थे कि तभी किसी ने मेरे कान के ठीक पास आकर चिल्लाया, हमारे बीच बस एक रस्सी और लगभग 20 सेंटीमीटर की दूरी थी। मैंने उस व्यक्ति से कहा,'दोबारा मेरे कान के पास चिल्लाने की हिम्मत मत करना, बेवकूफ।' फिर जब मैं आगे बढ़ा, तो मैंने किसी और को कहते सुना, 'चुप हो जा, तू P**i (नस्लीय टिप्पणी),' और बस मैंने अपना आपा खो दिया।

हालांकि, ख्वाजा ने स्पष्ट किया कि वह उस व्यक्ति की पहचान नहीं कर सके जिसने कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने उस पहले व्यक्ति का सामना किया, जिसके बारे में उन्हें लगा कि वही इसके लिए जिम्मेदार है।

'इस आदमी को यहां से बाहर निकालो'

उन्होंने कहा, मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि वह कौन था। मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि मुझे पता है कि MCC ने कुछ लोगों पर प्रतिबंध लगाया है। मुझे बस इतना पता है कि मैंने उस पहले व्यक्ति का सामना किया जो मुझे दिखा और मुझे लगा कि वही है। वह लगातार चिल्ला रहा था, थूक रहा था और मेरे चेहरे के सामने शोर मचा रहा था, इसलिए मैंने मान लिया कि वही है। मैंने सुरक्षाकर्मियों से कहा, 'इस आदमी को यहां से बाहर निकालो!'

टेस्ट मैच के बाद, MCC ने अपने तीन सदस्यों को उनके व्यवहार के लिए निलंबित कर दिया। बाद में, जांच के बाद उनमें से एक को बाहर निकाल दिया गया, जबकि बाकी दो पर क्रमशः साढ़े चार साल और ढाई साल का प्रतिबंध लगा दिया गया। गौरतलब है कि अंततः ऑस्ट्रेलिया ने यह टेस्ट मैच 43 रनों से जीत लिया।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article