Eta Accident News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार रात को दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक पत्रकार समेत तीन युवकों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोरों गंगा से लौट रहे थे बाइक सवार
यह हादसा एटा जिले के मिरहची इलाके में हुई। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात कासगंज रोड पर अमृतपुर गांव के पास दो मोटरसाइकिल सवार कुछ युवक सोरों गंगा से तीर्थ यात्रा करके लौट रहे थे। रास्ते में कासगंज रोड पर अमृतपुर गांव के पास एक ट्रक ने उनकी गाड़ियों को टक्कर मार दी। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई।
ट्रक चालक गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान साई बाबा मंदिर इलाके में रहने वाले पत्रकार वैभव जैन (26) और उनके साथी अतेंद्र (42) और संदीप (28) के तौर पर हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल शख्स की पहचान आकाश नाम के युवक के तौर पर हुई। सूत्रों के अनुसार आकाश को एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताम्भ पांडे ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
(इनपुट - भाषा)
