15 अक्टूबर 2026 से, 2,000 रुपये से ज्यादा के कुछ UPI पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) ट्रांजैक्शन पर 0.4% का मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लगेगा। हालांकि, यह नया चार्ज हर UPI पेमेंट पर लागू नहीं होगा और UPI पेमेंट करने वाले ग्राहकों से MDR चार्ज नहीं लिया जाएगा। MDR का खर्च मर्चेंट (व्यापारी) उठाएंगे। कुछ मर्चेंट UPI ट्रांजैक्शन पर MDR चार्ज की घोषणा के बाद, कई UPI यूजर सोच रहे हैं कि क्या उन्हें रोजाना के ट्रांजैक्शन के लिए UPI से डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड पर स्विच करना चाहिए।
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने एक ट्वीट में बताया है कि 0.4% MDR चार्ज वाला UPI, उतनी ही रकम के लिए डेबिट या क्रेडिट कार्ड चार्ज की तुलना में सस्ता क्यों हो सकता है।
क्या डेबिट और क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन चार्ज, UPI पेमेंट पर लगने वाले MDR चार्ज से सस्ते होंगे?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में, NPCI का कहना है कि नया UPI MDR, डेबिट और क्रेडिट कार्ड पेमेंट से जुड़े आम तौर पर लगने वाले रेट्स से कम है।
पेमेंट के किस तरीके पर कितना मर्चेंट चार्ज
NPCI का कहना है कि मर्चेंट के लिए UPI MDR चार्ज, क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन रेट्स की तुलना में 80% सस्ता होगा। आपको बता दें कि NPCI वह मुख्य संस्था है जो पूरे भारत में रिटेल पेमेंट और सेटलमेंट सिस्टम चलाती है। NPCI का कहना है कि 0.4% के MDR पर, ₹10,000 के P2M ट्रांजक्शन के लिए UPI चार्ज ₹40 होगा। NPCI के अनुसार, 2% के अनुमानित क्रेडिट कार्ड रेट पर चार्ज लगभग ₹200 होगा, और 0.9% के डेबिट कार्ड रेट पर उसी ट्रांजैक्शन के लिए चार्ज लगभग ₹90 होगा।
किन UPI ट्रांजैक्शन पर MDR चार्ज जीरो होगा?
ज्यादातर रोजाना के UPI पेमेंट पर कोई MDR नहीं लगेगा। ₹2,000 तक के P2M ट्रांजैक्शन पर जीरो MDR लागू रहेगा और अनुमान है कि ये कुल UPI ट्रांजैक्शन का लगभग 96% होंगे।
15 अक्टूबर से नया UPI MDR क्या होगा?
रेगुलर P2M ट्रांजैक्शन के लिए स्ट्रक्चर इस तरह होगा: अगर आप 2000 रुपये तक यूपीआई ट्राजैक्शन करते हैं तो आपको जोरी एमडीआर लागू होगा। वहीं अगर आप 2000 रुपये से ज्यादा का ट्रांजैक्शन करते हैं तो 0.4 पर्सेंट एमडीआर देना होगा। वहीं ₹75,000 और उससे ज्यादा के ट्रांजैक्शन ज्यादा से ज्यादा ₹300 का चार्ज देना होगा।
उदाहरण के लिए, अगर कोई कस्टमर किसी मर्चेंट को UPI से ₹10,000 का पेमेंट करता है, तो 0.4% की दर से MDR ₹40 होगा। लेकिन अगर ट्रांज़ैक्शन की रकम ₹1 लाख है, तो MDR ₹300 होगा। हालाँकि, यह खर्च मर्चेंट को ही उठाना होगा।
छोटे मर्चेंट को जीरो MDR मिलता रहेगा
स्ट्रीट वेंडर और दूसरे छोटे बिज़नेस पर नया चार्ज अपने-आप लागू नहीं होगा। Person-to-Person-Merchant (P2PM) कैटेगरी के तहत UPI QR कोड से महीने में ₹1 लाख तक पेमेंट पाने वाले मर्चेंट के सभी ट्रांजैक्शन पर ज़ीरो MDR लागू रहेगा। इसका मतलब है कि आस-पास की दुकानें, स्ट्रीट वेंडर और दूसरे योग्य छोटे बिजनेस बिना नए MDR के UPI पेमेंट लेना जारी रख सकते हैं, भले ही कोई ट्रांजैक्शन ₹2,000 से ज्यादा का हो।
2,000 से ज्यादा के UPI पेमेंट का क्या होगा?
2000 रुपये से ज्यादा के रेगुलर P2M ट्रांजैक्शन पर 0.4% का MDR लागू होगा।- ₹5,000 का पेमेंट → ₹20 का MDR
- ₹10,000 का पेमेंट → ₹40 का MDR
- ₹50,000 का पेमेंट → ₹200 का MDR
- ₹75,000 का पेमेंट → 0.4% के हिसाब से ₹300
- ₹1 लाख का पेमेंट → MDR ₹300 पर ही सीमित रहेगा
