यूटिलिटी

PAN Card Fraud: कहीं आपके पैन कार्ड पर किसी ने लोन तो नहीं लिया? घर बैठे ऐसे करें पता

पैन कार्ड की जानकारी गलत हाथों में पड़ने पर आपके साथ बड़ी धोखाधड़ी हो सकती है। कई बार जालसाज किसी दूसरे व्यक्ति के पैन नंबर का गलत इस्तेमाल करके लोन लेने की कोशिश करते हैं। इसलिए आपको अपने पैन कार्ड की जानकारी तो समय-समय पर चेक करते रहना चाहिए।

Image

समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करते रहना जरूरी है। (फोटो क्रेडिट-Digit)

आज के समय में पैन कार्ड हमारी आर्थिक पहचान का एक जरूरी दस्तावेज बन गया है। बैंक में खाता खुलवाना हो, लोन लेना हो या इनकम टैक्स रिटर्न भरना हो, लगभग हर जरूरी वित्तीय काम में पैन कार्ड की जरूरत पड़ती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपके पैन कार्ड की जानकारी का इस्तेमाल करके कोई दूसरा व्यक्ति आपके नाम पर लोन भी ले सकता है?

जी हां, पैन कार्ड की जानकारी गलत हाथों में पड़ने पर आपके साथ इस तरह की बड़ी धोखाधड़ी हो सकती है। कई बार जालसाज किसी दूसरे व्यक्ति के पैन नंबर का गलत इस्तेमाल करके लोन लेने की कोशिश करते हैं। ऐसी स्थिति में आपको आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भविष्य में लोन लेने में भी परेशानी हो सकती है। इसलिए समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करते रहना जरूरी है। अच्छी बात यह है कि आप घर बैठे ऑनलाइन पता लगा सकते हैं कि आपके नाम पर कितने लोन और क्रेडिट अकाउंट चल रहे हैं। आइए जानते हैं इसका आसान तरीका।

पहला स्टेप: CIBIL की वेबसाइट पर जाएं

सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर में इंटरनेट ब्राउजर खोलें। अब CIBIL की आधिकारिक वेबसाइट https://www.cibil.com पर जाएं। यहां आपको 'Get Your CIBIL Score' का विकल्प मिलेगा। इस पर क्लिक करके आगे बढ़ें।

दूसरा स्टेप: अपनी जरूरी जानकारी भरें

अब आपके सामने CIBIL के अलग-अलग सब्सक्रिप्शन प्लान आ सकते हैं। अपनी जरूरत के अनुसार कोई प्लान चुनें। इसके बाद अपना मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और ईमेल आईडी जैसी जानकारी दर्ज करें। आगे लॉगिन के लिए एक पासवर्ड बनाएं। इसके बाद ID Type में 'Income Tax ID' का विकल्प चुनें।

तीसरा स्टेप: PAN नंबर से वेरिफिकेशन करें

  • अब दिए गए बॉक्स में अपना पैन नंबर दर्ज करें और 'Verify Your Identity' पर क्लिक करें। इसके बाद वेबसाइट पर बताए गए निर्देशों के अनुसार आगे की प्रॉसेस को पूरा करें।
  • अगर चुने गए प्लान के लिए भुगतान जरूरी है, तो फीस जमा करें। इसके बाद ईमेल पर मिले OTP की मदद से लॉगिन करें और मांगी गई बाकी डिटेल्स को भरें।
  • अब आप अपनी क्रेडिट रिपोर्ट देख सकते हैं। इसमें आपके नाम से जुड़े लोन, क्रेडिट कार्ड और दूसरे क्रेडिट अकाउंट की जानकारी मिल सकती है।
  • रिपोर्ट को ध्यान से देखें। अगर इसमें कोई ऐसा लोन या क्रेडिट अकाउंट नजर आता है, जिसके बारे में आपको जानकारी नहीं है या जिसे आपने कभी नहीं लिया, तो उसे नजरअंदाज न करें।

क्रेडिट रिपोर्ट में फर्जी लोन दिखे तो क्या करें?

अगर आपकी रिपोर्ट में ऐसा लोन दिखाई देता है, जिसके लिए आपने कभी आवेदन नहीं किया, तो तुरंत कार्रवाई करें। सबसे पहले उस बैंक या वित्तीय संस्थान से संपर्क करें, जिसके नाम पर लोन दर्ज है। उनसे लोन से जुड़ी पूरी जानकारी और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया पूछें। इसके अलावा आप PAN से जुड़ी शिकायत के लिए इनकम टैक्स विभाग के शिकायत पोर्टल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://incometax.intelenetglobal.com/pan/pan.asp को विजिट करें।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article