RBI Monetary Policy Repo Rate: RBI ने रेपो रेट को 6.5 फीसदी पर बरकरार रखने के अलावा और भी कई ऐलान किए। Fx Retail प्लेटफॉर्म को NPCI के भारत कनेक्ट प्लेटफॉर्म से लिंक किया जाएगा। बैंकबाजार के सीईओ आदिल शेट्टी ने कहा है कि आरबीआई ने स्मॉल फाइनेंस बैंकों (SFB) के लिए क्रेडिट लाइन बढ़ा दी है। इसका सीधा मतलब है कि SFB भी अब अपने ग्राहकों को UPI से जुड़ी क्रेडिट सुविधाएं दे सकते हैं। इस कदम से उन लोगों को क्रेडिट सुविधाएं मिलेंगी जो छोटे संस्थानों के साथ बैंकिंग करते हैं। इसका फायदा खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले ग्राहकों को होगा, इन ग्राहकों को छोटे बैंक से UPI पर लोन लेने में मदद मिलेगी।
UPI पर लोन दे सकेंगे स्मॉल फाइनेंस बैंक
2019 में लॉन्च किए गए एफएक्स रिटेल प्लेटफॉर्म को अब एनपीसीआई के भारत कनेक्ट प्लेटफॉर्म से जोड़ने का प्रस्ताव है। इससे यूजर्स बैंकों और गैर-बैंक पेमेंट सिस्टम प्रोवाइडर्स के मोबाइल ऐप के माध्यम से एफएक्स रिटेल प्लेटफॉर्म पर लेन-देन कर सकेंगे। इससे एफएक्स रिटेल प्लेटफॉर्म की पहुंच का विस्तार होगा।
इसके अलावा अब छोटे वित्त बैंक को भी यूपीआई के माध्यम से प्री स्वीकृत क्रेडिट लाइन देने की अनुमति देने का निर्णय लिया गया है। यूपीआई पर क्रेडिट लाइन सितंबर 2023 में शुरू की गई और इसे शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराया गया। इससे वित्तीय समावेशन और मजबूत होगा तथा फॉर्मल लोन में वृद्धि होगी, खासकर नए लोन लेने वाले ग्राहकों को इसका फायदा मिलेगा।
RBI के बड़े ऐलान
- एफएक्स रिटेल प्लेटफॉर्म को एनपीसीआई (NPCI) के भारत कनेक्ट प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा
- RBI इनोवेशन हब द्वारा MuleHunter.Ai की घोषणा
- मौद्रिक नीति समिति (MPC) मुद्रास्फीति और आर्थिक वृद्धि के दृष्टिकोण पर बेहतर स्पष्टता का इंतजार करेगी
- UPI पर क्रेडिट लाइन को SFB तक बढ़ाया जाएगा
क्या होता है एफएक्स रिटेल (FX Retail)?
एफएक्स रिटेल भारत में एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफार्म है जो छोटे बिजनेस, व्यक्तिगत निवेशकों और रिटेल कस्टमर्स को प्रतिस्पर्धी दरों पर सीधे विदेशी मुद्रा खरीदने (जैसे डॉलर) या बेचने की अनुमति देता है। अन्य शब्दों में कहें तो FX-रिटेल USD/INR करेंसी पेयर में विदेशी मुद्रा डील करने के लिए एक वेब आधारित प्लेटफार्म है। इससे यूजर्स सीधे डॉलर खरीदने और बेचने के लिए ऑर्डर दे सकते हैं।
इसका मैनेजमेंट क्लियरिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (सीसीआईएल) द्वारा किया जाता है और यह यूजर्स को रियल टाइम की फॉरेन एक्सचेंज रेट एक्सेस करने में मदद करता है, जिससे पारदर्शी और कुशल लेनदेन करने में मदद मिलती है।
