यूटिलिटी

Paytm ने लॉन्च किया Split Bills फीचर, अब दोस्तों के साथ खर्च बांटना होगा आसान

Split Bills फीचर के साथ Paytm ने अपने मनी मैनेजमेंट टूल्स को और मजबूत किया है। कंपनी पहले से Spend Summary, Download UPI Statement, होम स्क्रीन पेमेंट विजेट और Gold Coins जैसे फीचर्स उपलब्ध कराती है।

Image

Paytm Split Bills

डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म Paytm ने अपने ऐप में Split Bills नाम का नया फीचर लॉन्च किया है। फ्रेंडशिप डे से पहले पेश किए गए इस फीचर का मकसद दोस्तों, परिवार या किसी भी ग्रुप के बीच होने वाले साझा खर्चों को रिकॉर्ड करना, बराबर बांटना और आसानी से सेटल करना है। यह फीचर ट्रिप, रेस्टोरेंट बिल, शॉपिंग, एंटरटेनमेंट और अन्य ग्रुप एक्टिविटी के दौरान खर्चों का हिसाब रखने में मदद करेगा।

एक ही जगह रिकॉर्ड होंगे सभी खर्च

Paytm के अनुसार, Split Bills फीचर में यूजर्स नया ग्रुप बना सकते हैं और उसमें बिना किसी लिमिट या अतिरिक्त शुल्क के जितने चाहें उतने साझा खर्च जोड़ सकते हैं। किसी भी खर्च को बराबर हिस्सों में, तय राशि के हिसाब से या कस्टम तरीके से बांटा जा सकता है। ऐप हर सदस्य का हिस्सा, कुल खर्च, बकाया राशि और हाल की गतिविधियों का पूरा सारांश दिखाता है।

Paytm UPI से तुरंत होगा सेटलमेंट

इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यूजर्स सीधे Paytm UPI के जरिए बकाया राशि का भुगतान कर सकते हैं। भुगतान करते समय रकम और प्राप्तकर्ता की जानकारी अपने-आप भर जाती है, जिससे सेटलमेंट की प्रक्रिया तेज और आसान हो जाती है। इसके अलावा, ऐप से सीधे पेमेंट रिमाइंडर भी भेजे जा सकते हैं ताकि कोई सदस्य अपना हिस्सा देना न भूले।

कैश, कार्ड और दूसरी UPI ऐप्स से किए गए भुगतान भी होंगे रिकॉर्ड

Split Bills केवल Paytm UPI तक सीमित नहीं है। यूजर्स कैश, डेबिट या क्रेडिट कार्ड, दूसरी UPI ऐप्स या किसी भी अन्य माध्यम से किए गए भुगतान को भी उसी ग्रुप में रिकॉर्ड कर सकते हैं। यदि किसी ने ऐप के बाहर भुगतान कर दिया है, तो उसे भी 'Settled' के रूप में मार्क किया जा सकता है। इससे पूरे ग्रुप के खर्चों का रिकॉर्ड एक ही जगह सुरक्षित रहता है।

ऐसे करें Split Bills फीचर का इस्तेमाल

इस फीचर का उपयोग करने के लिए यूजर को Paytm ऐप खोलकर Pay Anyone सेक्शन में जाना होगा और Split Bills विकल्प चुनना होगा। इसके बाद नया ग्रुप बनाया जा सकता है या पहले से मौजूद ग्रुप को चुना जा सकता है। फिर संपर्क जोड़कर ग्रुप का नाम और कैटेगरी (जैसे Trip, Home, Couple या Other) चुननी होगी। खर्च जोड़ने के बाद यह तय किया जा सकता है कि भुगतान किसने किया और राशि किस तरह बांटी जाएगी। इसके बाद ऐप बकाया राशि दिखाएगा और वहीं से सेटलमेंट भी किया जा सकेगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article