यूटिलिटी

मेट्रो में छूट गया सामान या फोन? परेशान न हों, वापस पाने का यह है सबसे आसान तरीका

अगर मेट्रो में आपका मोबाइल, लैपटॉप या कोई जरूरी सामान छूट गया है, तो घबराएं नहीं। जानें शिकायत दर्ज कराने का तरीका, लॉस्ट एंड फाउंड विभाग से सामान वापस पाने की प्रक्रिया और FIR क्यों जरूरी है।

Image

लॉस्ट एंड फाउंड विभाग से ऐसे मिल सकता है सामान

देश के बड़े शहरों में मेट्रो नेटवर्क लगातार विस्तार कर रहा है, जिससे लाखों लोगों का रोजाना सफर आसान और तेज हो गया है। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं। देश की राजधानी नई दिल्ली की बात करें तो मेट्रो के बिना यह शहर थम जाएगा।

पीक आवर्स की भीड़ और जल्दबाजी के बीच कई बार यात्रियों का मोबाइल, लैपटॉप, बैग या अन्य जरूरी सामान मेट्रो ट्रेन या स्टेशन पर ही छूट जाता है। छोटे-मोटे सामान को लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन अगर मोबाइल या लैपटॉप जैसी महंगी और जरूरी चीज खो जाए तो परेशानी बढ़ जाती है। अब सवाल यह है कि आपका कोई सामान मेट्रो में या मेट्रो स्टेशन पर छूट गया है तो उसे वापस पाने का तरीका क्या है?

मेट्रो में सुरक्षा व्यवस्था से बढ़ती है सामान मिलने की उम्मीद

मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। लगभग हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होते हैं और सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहते हैं। ऐसे में यदि किसी यात्री का मोबाइल या लैपटॉप छूट जाता है, तो उसके वापस मिलने की संभावना काफी अधिक रहती है। हालांकि, इसके लिए समय पर शिकायत दर्ज कराना जरूरी होता है।

मोबाइल या लैपटॉप छूट जाए तो सबसे पहले क्या करें?

यदि आपका सामान मेट्रो में छूट गया है, तो सबसे पहले उसी स्टेशन के कंट्रोल रूम या हेल्प डेस्क पर जाकर इसकी जानकारी दें। वहां आपको अपने खोए हुए सामान का पूरा विवरण देना होगा, जैसे उसका प्रकार, रंग, कंपनी, समय और स्थान। इसके अलावा संबंधित मेट्रो की हेल्पलाइन पर भी संपर्क किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, दिल्ली मेट्रो का हेल्पलाइन नंबर 155370 है। जरूरत पड़ने पर स्टेशन पर मौजूद CISF के जवान भी शिकायत दर्ज कराने और आगे की प्रक्रिया में आपकी मदद करते हैं।

लॉस्ट एंड फाउंड विभाग से ऐसे मिल सकता है सामान

हर मेट्रो नेटवर्क में लॉस्ट एंड फाउंड विभाग होता है, जहां यात्रियों का मिला हुआ सामान सुरक्षित रखा जाता है। इसकी जानकारी संबंधित मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहती है। यात्री वेबसाइट के लॉस्ट एंड फाउंड सेक्शन में तारीख के अनुसार अपने सामान की जानकारी देख सकते हैं। यदि आपका सामान वहां सूचीबद्ध मिलता है, तो पहचान पत्र और शिकायत की रसीद दिखाकर लॉस्ट एंड फाउंड कार्यालय से उसे वापस प्राप्त किया जा सकता है।

पुलिस में FIR दर्ज कराना भी है जरूरी

अगर मोबाइल या लैपटॉप जैसी कीमती वस्तु खो गई है, तो मेट्रो में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ नजदीकी पुलिस थाने में भी एफआईआर दर्ज कराना चाहिए। इससे भविष्य में यदि आपके डिवाइस का किसी गलत गतिविधि में इस्तेमाल होता है, तो आपके पास यह प्रमाण रहेगा कि वह पहले ही गुम हो चुका था। इसलिए समय रहते शिकायत दर्ज कराना आपकी सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया, दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article