IRCTC Travel Insurance: हाल ही में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के पास हुई रेल दुर्घटना में एक मालगाड़ी कंचनजंघा एक्सप्रेस से टकरा गई थी। इस तरह के हादसे ट्रैवल इंश्योरेंस की जरूरत बताते हैं। अगर आपके पास पर्सनल बीमा नहीं है, तो भी आप IRCTC से खरीदे गए ई-टिकट पर वैकल्पिक बीमा पॉलिसी के जरिए कवर हासिल कर सकते हैं। यह पॉलिसी ट्रेन दुर्घटना में मृत्यु, दिव्यांग और इलाज कराने की स्थिति में 10 लाख रुपये तक का कवरेज प्रदान करती है।
किसे मिलता है ट्रैवल इंश्योरेंस
IRCTC ने अपने ट्रैवल इंश्योरेंस के नियम और शर्तों के दस्तावेज में कहा है कि वैकल्पिक ट्रैवल इंश्योरेंस सर्विस केवल बुकिंग के समय CNF/RAC/PartCNF टिकटों के लिए प्रदान की जाती है। 17-फरवरी-2024 से प्रीमियम सभी टैक्स सहित प्रति यात्री 45 पैसे है। अपनी IRCTC ट्रैवल इंश्योरेंस पॉलिसी में नॉमिनी का डिटेल्स अपडेट करना न भूलें। IRCTC की वेबसाइट के अनुसार, आप बीमा कंपनी द्वारा भेजे गए ईमेल या SMS में डिटेल्स अपडेट करने के लिए लिंक पर क्लिक कर सकते हैं।
कैसे पता चलेगा पॉलिसी नंबर
बीमा कंपनी आपको पॉलिसी नंबर और उसके डिटेल्स के बारे में जानकारी देने के लिए SMS और ईमेल भेजती है। IRCTC की ई-टिकट वेबसाइट पर टिकट बुकिंग हिस्ट्री से भी पॉलिसी नंबर देखा जा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रेन यात्रा की डिटेलस के बारे में परिवार के करीबी सदस्यों को सूचित करना महत्वपूर्ण है। पॉलिसी नंबर, पीएनआर नंबर और अन्य महत्वपूर्ण डिटेल्स के बिना क्लेन की प्रामाणिकता साबित करना मुश्किल हो सकता है। इसलिए पीएनआर नंबर और पॉलिसी दस्तावेज महत्वपूर्ण हैं।
कब कर सकते हैं क्लेम
IRCTC की वेबसाइट पर 19 जून, 2024 तक उपलब्ध ट्रैवल इंश्योरेंस के नियम और शर्तों के अनुसार, इस वैकल्पिक ट्रैवल इंश्योरेंस स्कीम के तहत ट्रेन दुर्घटना के दौरान अगर किसी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी को 10 लाख रुपये मिलते हैं। पूरी तरह से दिव्यांग होने पर 10 लाख और आंशिक रूप से दिव्यांग होने पर 7.5 लाख रुपये की राशि मिलती है। चोट लगने पर अस्पताल में इलाज के लिए दो लाख रुपये मिलते हैं।
