सितंबर का महीना आते ही मौसम में बदलाव शुरू हो जाता है। कई इलाकों में बारिश के बाद उमस बनी रहती है, जबकि दिन के समय तापमान बढ़ने से AC की जरूरत महसूस होती है। ऐसे में ज्यादातर लोग AC को 18 से 22 डिग्री सेल्सियस पर चलाना पसंद करते हैं। हालांकि, अगर आपका मकसद कमरे को आरामदायक रखने के साथ बिजली की खपत कम करना है, तो AC का तापमान इससे थोड़ा ज्यादा रखना बेहतर हो सकता है।
AC को कितने डिग्री पर चलाना बेहतर?
ऊर्जा दक्षता के लिए 24 से 26 डिग्री सेल्सियस का तापमान एक अच्छा विकल्प माना जाता है। ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) भी AC के तापमान को 24 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रखने को लेकर जागरूकता अभियान चला चुका है। BEE के अनुसार, कमरे का तापमान बढ़ाने से AC की बिजली खपत कम करने में मदद मिल सकती है।
सितंबर में अगर बाहर का तापमान बहुत ज्यादा नहीं है और कमरे में उमस मुख्य समस्या है, तो AC को 24-26 डिग्री के बीच रखकर चलाया जा सकता है। साथ में पंखा चलाने से ठंडी हवा पूरे कमरे में बेहतर तरीके से फैलती है और कम तापमान सेट करने की जरूरत कम हो सकती है।
18-20 डिग्री पर AC चलाने से क्या होगा?
AC को 18 या 20 डिग्री पर सेट करने का मतलब यह नहीं है कि कमरा तुरंत तेजी से ठंडा होगा। AC का कंप्रेसर कमरे को निर्धारित तापमान तक ठंडा करने की कोशिश करता है। बहुत कम तापमान सेट करने पर कंप्रेसर को लंबे समय तक काम करना पड़ सकता है, जिससे बिजली की खपत बढ़ सकती है।
BEE के अनुसार, सामान्य तौर पर लोग AC को 20-21 डिग्री पर सेट करते हैं, जबकि आरामदायक तापमान इससे अधिक रखा जा सकता है। एजेंसी के दस्तावेज में बताया गया है कि तापमान में प्रत्येक 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी से औसतन करीब 6 फीसदी बिजली बचाने की क्षमता हो सकती है। हालांकि वास्तविक बचत AC की क्षमता, कमरे के आकार, बाहर के तापमान, इन्सुलेशन और इस्तेमाल के समय पर निर्भर करेगी।
सितंबर में बिजली बिल कम करने के लिए ये तरीका अपनाएं
अगर आप AC का इस्तेमाल कर रहे हैं तो तापमान को 24-26 डिग्री के आसपास रखने के साथ दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें, ताकि ठंडी हवा बाहर न जाए। AC फिल्टर को भी समय-समय पर साफ करना जरूरी है, क्योंकि गंदा फिल्टर एयरफ्लो को प्रभावित कर सकता है। कमरे में पंखे का इस्तेमाल करने से ठंडी हवा बेहतर तरीके से फैल सकती है।
इसके अलावा, AC को बार-बार बहुत कम और बहुत ज्यादा तापमान पर सेट करने के बजाय एक आरामदायक तापमान पर चलाना बेहतर है। अगर कमरे में पर्याप्त ठंडक हो गई है और बाहर का मौसम भी अपेक्षाकृत ठंडा है, तो AC को बंद करके पंखे का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
24 डिग्री का मतलब क्या है?
BEE के अनुसार, 24 डिग्री सेल्सियस को AC के लिए एक ऊर्जा-कुशल सेटिंग के तौर पर बढ़ावा दिया गया है। कई स्टार-रेटेड रूम AC में 24 डिग्री सेल्सियस का डिफॉल्ट सेटिंग भी निर्धारित किया गया है। इसका मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति को हर परिस्थिति में केवल 24 डिग्री पर ही AC चलाना चाहिए। कमरे की नमी, बाहर का तापमान और व्यक्ति की आराम की जरूरत के हिसाब से सेटिंग बदली जा सकती है।
