Damaged Credit Card Guide: क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल रोजमर्रा की खरीदारी और ऑनलाइन पेमेंट हर दूसरा व्यक्ति कर रह है। लेकिन लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर कार्ड का चिप खराब हो सकता है, कार्ड टूट सकता है या स्वाइप करने में परेशानी आने लगती है। ऐसी स्थिति में नया क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होती। बैंक से रिप्लेसमेंट कार्ड के लिए अनुरोध किया जा सकता है। हालांकि, इस प्रक्रिया के दौरान कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। मौजूदा कार्ड खराब होने पर क्या करना चाहिए इस आर्टिकल में बता रहे हैं-
सबसे पहले बैंक से करें संपर्क
अगर आपका क्रेडिट कार्ड खराब हो गया है और ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो सबसे पहले कार्ड जारी करने वाले बैंक से संपर्क करें। इसके लिए बैंक के ऑफिशियल मोबाइल ऐप, वेबसाइट, कस्टमर केयर या ब्रांच का इस्तेमाल किया जा सकता है। किसी अनजान SMS, ईमेल या WhatsApp मैसेज में आए लिंक से रिप्लेसमेंट की प्रक्रिया शुरू करने से बचें।
रिप्लेसमेंट कार्ड के लिए करें अनुरोध
बैंक से संपर्क करने के बाद बताए गए प्रोसेस के अनुसार रिप्लेसमेंट कार्ड के लिए अनुरोध करें। ध्यान रखें कि रिप्लेसमेंट कार्ड और नया क्रेडिट कार्ड अलग-अलग चीजें हैं। रिप्लेसमेंट का मतलब मौजूदा कार्ड को बदलना है, न कि पूरी तरह नया क्रेडिट कार्ड अकाउंट खोलना। बैंक से यह भी पता कर लें कि नया कार्ड मिलने में कितना समय लगेगा और क्या इसमें आपका मौजूदा क्रेडिट लिमिट और अकाउंट जारी रहेगा।
पुराने कार्ड से जुड़े पेमेंट करें चेक
रिप्लेसमेंट कार्ड मिलने पर उसका कार्ड नंबर, एक्सपायरी डेट या CVV बदल सकता है। इसलिए पुराने कार्ड से जुड़े सभी ऑटोमैटिक पेमेंट और सब्सक्रिप्शन की लिस्ट बना लें। OTT प्लेटफॉर्म, इंश्योरेंस प्रीमियम, ऑनलाइन शॉपिंग या दूसरे नियमित भुगतान में नए कार्ड की जानकारी अपडेट करनी पड़ सकती है। साथ ही यह समझना जरूरी है कि कार्ड बदलने से पुराना बकाया खत्म नहीं होता।
नया कार्ड एक्टिवेट करते समय बरतें सावधानी
नया कार्ड मिलने के बाद उसे सिर्फ बैंक के ऑफिशियल चैनल के जरिए ही एक्टिवेट करें। बैंक के निर्देशों के अनुसार PIN सेट या वेरिफाई करें। सबसे जरूरी बात यह है कि कार्ड रिप्लेसमेंट के नाम पर किसी व्यक्ति को OTP, PIN या CVV न बताएं। बैंक की ओर से कोई अधिकारी या कर्मचारी भी इन संवेदनशील जानकारियों को मांगकर कार्ड एक्टिवेट नहीं करता। नया कार्ड एक्टिवेट होने के बाद अपने हाल के ट्रांजैक्शन भी चेक करें और यह सुनिश्चित करें कि पुराना कार्ड ब्लॉक या रिप्लेस हो चुका है।
कार्ड खराब होने पर न करें देर
खराब कार्ड (Damaged Credit Card) को लंबे समय तक इस्तेमाल करते रहने से अचानक पेमेंट के समय परेशानी हो सकती है। इसलिए कार्ड में बार-बार समस्या आ रही है तो रिप्लेसमेंट के लिए जल्द अनुरोध करना बेहतर होगा।
